खाद्य सुरक्षा विभाग का सख्त एक्शन: महासमुंद-सारायपाली में तीन फर्मों पर औचक निरीक्षण, हजारों बोतल-पाउच जब्त।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग लगातार सख्ती बरत रहा है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देश पर अभिहित अधिकारी उमेश कुमार के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने महासमुंद और सरायपाली क्षेत्र के विभिन्न प्रतिष्ठानों में औचक निरीक्षण कर नमूने संकलित किए और आवश्यक कार्रवाई की।11 मार्च 2026 को खाद्य सुरक्षा अधिकारी शंखनाद भोई ने मेसर्स युवराज ब्रेवरेजेस, लभराखुर्द में निरीक्षण किया। इस दौरान युवराज पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर (01 लीटर) का विधिक नमूना लेकर राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, कालीबाड़ी रायपुर भेजा गया। परिसर में नियमों का पर्याप्त पालन नहीं मिलने पर फर्म को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी किया गया।इसी क्रम में 16 मार्च 2026 को वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी रोशनी राजपूत ने मेसर्स बिसेन फुड्स, नांदगांव रोड बेलसोंडा में निरीक्षण किया। यहां ‘बिसेन लिटिल बाइट वैनिला’ का नमूना जांच हेतु भेजा गया। निरीक्षण के दौरान कमियां पाए जाने पर फर्म को सुधार हेतु नोटिस दिया गया।23 मार्च 2026 को सरायपाली के किसड़ी स्थित मेसर्स श्री कृष्णा इंडस्ट्रीज में भी औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में Freshio ब्रांड के पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर की बोतलों और पाउच में बैच नंबर, उत्पादन तिथि और अवसान तिथि का अभाव पाया गया, जो प्रथम दृष्टया मिथ्याछाप प्रतीत हुआ। कार्रवाई करते हुए उत्पादों को अभिगृहित कर प्रतिभू-बंध पत्र निष्पादित किया गया तथा 04 विधिक नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, कालीबाड़ी रायपुर भेजे गए।इसके अलावा मौके पर 98 बोरी पानी पाउच और 5814 पानी की बोतलों को सीज किया गया। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अनुसार, सभी नमूनों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित फर्मों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!