छत्तीसगढ़ में 42 वर्षों से निकल रही रामनवमी शोभायात्रा, इस वर्ष भी भव्य तैयारी।

Share Now

तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

छत्तीसगढ़ में पिछले 42 वर्षों से रामनवमी के पावन अवसर पर शिवसेना द्वारा भव्य शोभायात्रा निकाली जाती रही है, जो अब धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक बन चुकी है। इसी क्रम में इस वर्ष भी राजधानी रायपुर में 28 मार्च को प्रदेश प्रमुख धनंजय सिंह परिहार के नेतृत्व में आकर्षक एवं भव्य शोभायात्रा आयोजित की जाएगी। आयोजन को लेकर प्रदेशभर में उत्साह का माहौल है और तैयारियां तेज़ी से जारी हैं।बिलासपुर में भी पिछले 41 वर्षों से रामनवमी शोभायात्रा की परंपरा निरंतर जारी है। इस वर्ष 8 अप्रैल को बिलासपुर एवं मस्तूरी क्षेत्र में शोभायात्रा निकाली जाएगी। इसमें आकर्षक झांकियां, धार्मिक ध्वज, भजन-कीर्तन और पारंपरिक वेशभूषा में शामिल श्रद्धालु विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।शिवसेना के प्रदेश सचिव संतोष कौशल, प्रदेश उपाध्यक्ष धनंजय सिंह चौहान एवं जिला अध्यक्ष मुकेश देवांगन के नेतृत्व में आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। पदाधिकारियों द्वारा लगातार बैठकें लेकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।प्रदेश सचिव संतोष कौशल ने कहा कि यह शोभायात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज में एकता, भाईचारे और सांस्कृतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने का माध्यम है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आयोजन को सफल बनाने की अपील की।जिला अध्यक्ष मुकेश देवांगन ने बताया कि प्रदेश प्रमुख धनंजय सिंह परिहार के प्रयासों से यह शोभायात्रा आज एक व्यापक जनआस्था का केंद्र बन चुकी है। उन्होंने कहा कि रायपुर में शोभायात्रा फूल चौक स्थित नवीन बाजार से प्रारंभ होकर शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए निर्धारित स्थल तक पहुंचेगी।आयोजन समिति द्वारा सुरक्षा, यातायात, पेयजल एवं चिकित्सा सुविधाओं सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!