विकास नंद/सर्वव्यापी
पश्चिम एशिया में उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए राज्य सरकार के निर्देश पर महासमुंद जिले में भी प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने जिला कार्यालय में अधिकारियों की बैठक लेकर पेट्रोलियम उत्पादों, एलपीजी गैस, उर्वरकों और अन्य आवश्यक वस्तुओं की उपलब्धता एवं आपूर्ति व्यवस्था की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।कलेक्टर लंगेह ने स्पष्ट किया कि जिले में पेट्रोल, डीजल, गैस सिलेंडर और उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। आम नागरिक किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और घबराकर अनावश्यक भंडारण न करें। उन्होंने कहा कि राज्य स्तर पर बनाए गए कंट्रोल रूम के माध्यम से आमजन को सही और प्रमाणिक जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है।कालाबाजारी और जमाखोरी पर सख्ती कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आवश्यक वस्तुओं की कालाबाजारी या जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। पेट्रोल पंपों और गैस एजेंसियों की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने के साथ ही आपूर्ति व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं। जिले में समय-समय पर छापेमारी की कार्रवाई भी की जा रही है।जिले में कंट्रोल रूम और मीडिया मॉनिटरिंग टीम सक्रिय कलेक्टर ने बताया कि महासमुंद जिले में कंट्रोल रूम और मीडिया मॉनिटरिंग टीम का गठन किया गया है, जो सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर फैल रही भ्रामक खबरों पर नजर रख रही है। आमजन गैस आपूर्ति, शिकायत या कालाबाजारी की सूचना 1800-233-3663 पर दे सकते हैं।उर्वरकों की उपलब्धता पर विशेष ध्यानकृषि सीजन को देखते हुए कलेक्टर ने उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खाद का समान वितरण किया जाए और किसी भी प्रकार की होल्डिंग पर रोक लगाई जाए। इसके लिए दैनिक स्टॉक की समीक्षा भी की जा रही है।महत्वपूर्ण संस्थानों में निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित कलेक्टर लंगेह ने अस्पतालों, छात्रावासों, शैक्षणिक संस्थानों सहित अन्य आवश्यक सेवाओं में गैस आपूर्ति निर्बाध बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही पेट्रोल-डीजल की बिक्री निर्धारित नियमों के अनुसार ही करने और कंटेनरों में आम जनता को ईंधन न देने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, कृषि उपसंचालक एफ.आर. कश्यप, खाद्य अधिकारी अजय यादव सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।