तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
बिलासपुर जिले के बोदरी तहसील में पदस्थ एक पटवारी पर रिश्वत लेने के गंभीर आरोप सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए उसे निलंबित कर दिया है। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), बिल्हा द्वारा जारी आदेश के अनुसार, पटवारी विष्णु प्रसाद निर्मलकर को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, पटवारी पर नामांतरण और बंटवारे के प्रकरण में आवेदकों से पैसे की मांग करने का आरोप लगा था। मामले की शिकायत मिलने के बाद तहसीलदार, बोदरी द्वारा जांच की गई, जिसकी रिपोर्ट 1 अप्रैल 2026 को प्रस्तुत की गई। जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर यह कार्रवाई की गई।आदेश में उल्लेख है कि पटवारी का यह आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियमों का उल्लंघन है तथा शासन/प्रशासन की छवि को धूमिल करने वाला है। इसी आधार पर उन्हें छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के तहत निलंबित किया गया है।निलंबन अवधि में संबंधित पटवारी का मुख्यालय अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व), बिल्हा का कार्यालय निर्धारित किया गया है और उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। साथ ही, मामले की विस्तृत विभागीय जांच भी जारी रहेगी।प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भ्रष्टाचार के मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।