विकास नंद/ सर्वव्यापी/

जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक टास्क फोर्स (ANTF) और थाना महासमुंद पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 22 किलो गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त गांजा की कीमत लगभग 11 लाख रुपये बताई जा रही है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, दोनों आरोपी ओडिशा के आसका क्षेत्र से गांजा लाकर महासमुंद में बिक्री की फिराक में थे। 03 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने नयापारा स्थित रेलवे स्टेशन के पास छिपियापारा क्षेत्र में घेराबंदी कर दबिश दी। मौके पर मौजूद दो संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई।पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम सत्यबान नायक (27 वर्ष) और बिकास बेहरा (18 वर्ष) निवासी देवाभूमि, थाना आसका, जिला गंजाम (ओडिशा) बताया। तलाशी के दौरान उनके पास रखे बैग से 22 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसे वे अधिक मुनाफा कमाने के उद्देश्य से महासमुंद लाए थे।पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से गांजा के साथ दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं। कुल जब्त संपत्ति की कीमत 11 लाख 11 हजार रुपये आंकी गई है। आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक एक्ट की धारा 20(बी) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।पुलिस के अनुसार, पिछले तीन महीनों में जिले में नशे के खिलाफ लगातार अभियान चलाते हुए 43 क्विंटल से अधिक गांजा जब्त किया गया है, जिसकी कीमत 3 करोड़ 73 लाख रुपये से ज्यादा है। इस दौरान 173 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 48 आरोपी छत्तीसगढ़ और 125 अन्य राज्यों के हैं।जिले में नशे के अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए पुलिस द्वारा लगातार सघन जांच और कार्रवाई जारी है।