विकास नंद/ सर्वव्यापी/

स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग के संयुक्त तत्वाधान में मुख्यमंत्री बाल संदर्भ योजना के तहत आयुष्मान आरोग्य मंदिर तोषगांव में गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा ग्रामीणों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं।
महिला रोग विशेषज्ञ डॉ. संजय अग्रवाल एवं शिशु रोग विशेषज्ञ व सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सरायपाली के बीएमओ डॉ. कुणाल नायक ने कुल 52 मरीजों का परीक्षण कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं स्वास्थ्य परामर्श दिया। शिविर में विशेष रूप से गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों की स्वास्थ्य जांच पर ध्यान केंद्रित किया गया।
शिविर के दौरान डॉ. कुणाल नायक की संवेदनशील, सरल एवं जिम्मेदार कार्यशैली की आमजन में सराहना हो रही है। उन्होंने बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ अभिभावकों को पोषण, टीकाकरण और देखभाल के बारे में विस्तार से जागरूक किया। उनकी सहज संवाद शैली और मरीजों के प्रति समर्पण ने ग्रामीणों में विश्वास को और मजबूत किया।
गौरतलब है कि जब से डॉ. कुणाल नायक ने सरायपाली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में बीएमओ की जिम्मेदारी संभाली है, तब से स्वास्थ्य सुविधाओं में लगातार सुधार देखने को मिला है। अस्पताल में व्यवस्थाओं को बेहतर करने, समय पर उपचार उपलब्ध कराने और मरीजों के प्रति संवेदनशीलता बढ़ाने के प्रयासों की आमजन में व्यापक सराहना हो रही है।तोषगांव में आयोजित यह शिविर न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की पहुंच बढ़ाने में सफल रहा, बल्कि यह भी दर्शाता है कि सशक्त नेतृत्व और समर्पित कार्यशैली से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा दी जा सकती है।
उक्त जानकारी खंड विस्तार प्रशिक्षण अधिकारी सह मीडिया प्रभारी टी.आर. धृतलहरे द्वारा दी गई।