तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक के बड़े भाई स्वर्गीय भुलाऊ प्रसाद कौशिक के निधन के पश्चात शोक संवेदना व्यक्त करने हेतु जनप्रतिनिधियों का लगातार परसदा स्थित निज निवास पर पहुंचना जारी है। इस दुःखद और संवेदनशील समय में छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष चरणदास महंत, पामगढ़ विधायक शेषराज हरवंश, विजय केशरवानी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने शोकाकुल परिवार से आत्मीय भेंट कर गहरी संवेदनाएँ व्यक्त कीं।इसके पश्चात वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरी शंकर अग्रवाल, सांसद कमलेश जांगड़े, अंबिकापुर महापौर मंजूषा भगत, भिलाई नगर विधायक देवेंद्र यादव और राजेंद्र शुक्ला सहित अनेक जनप्रतिनिधि परसदा पहुंचे और दिवंगत आत्मा को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कौशिक परिवार को इस विषम घड़ी में धैर्य एवं संबल प्रदान किया।इसी क्रम में शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव भी परसदा स्थित निवास पहुंचे और शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर अपनी संवेदनाएँ व्यक्त कीं। उन्होंने भुलाऊ प्रसाद कौशिक के निधन को अपूर्णीय क्षति बताते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।इसके अलावा पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने भी परसदा पहुंचकर शोकाकुल परिवारजनों से भेंट की और दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार को इस कठिन समय में धैर्य रखने की शक्ति प्रदान करने की कामना की।इस अवसर पर धरमलाल कौशिक ने बताया कि उनके बड़े भाई भुलाऊ प्रसाद कौशिक सरल व्यक्तित्व के धनी, समाज के प्रति समर्पित और पारिवारिक मूल्यों के प्रति अटूट निष्ठा रखने वाले व्यक्ति थे। उनका जीवन सादगी, स्नेह और मार्गदर्शन का प्रतीक रहा, जिसकी स्मृतियां सदैव परिवार और समाज के बीच जीवित रहेंगी।