सांसद रूपकुमारी चौधरी ने दी विकास की सौगात: 77 करोड़ से 44 सड़कों का भूमिपूजन, ग्रामीण अंचल को मिलेगा नई रफ्तार।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी

प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अंतर्गत जिले के पिथौरा विकासखंड के ग्राम पंचायत सानटेमरी में आज 77 करोड़ रुपए से अधिक लागत के 44 सड़क निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं, जबकि सरायपाली विधायक चातुरीनंद विशिष्ट अतिथि रहीं।कुल 96.495 किलोमीटर लंबाई की इन सड़कों के निर्माण पर 77 करोड़ 47 लाख 99 हजार रुपए की राशि व्यय की जाएगी। कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष भीखम सिंह ठाकुर, जनपद पंचायत पिथौरा की अध्यक्ष उषा धृतलहरे, जनपद सदस्य कंवलजीत सिंह छाबड़ा, पुरुषोत्तम धृतलहरे, बिमला बेहरा, सुमीत अग्रवाल, हलधर साहू, अभिमन्यु प्रधान, रमेश अग्रवाल, कैलाश चंद्र अग्रवाल, ग्राम पंचायत सानटेमरी के सरपंच देवेंद्र यादव सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

इस अवसर पर सांसद रूपकुमारी चौधरी ने भूमिपूजन कर विकास कार्यों का शुभारंभ करते हुए क्षेत्रवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के निर्माण से ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा मिलेगी, कृषि उत्पादों के परिवहन में तेजी आएगी और क्षेत्र के समग्र विकास को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार का लक्ष्य है कि कोई भी गांव विकास से अछूता न रहे और हर गांव को बेहतर सड़क संपर्क से जोड़ा जाए।

सांसद ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं, ताकि आम जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।वहीं, विधायक चातुरीनंद ने कहा कि सड़कें किसी भी क्षेत्र के विकास की आधारशिला होती हैं और इन सड़कों के बनने से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन और भी सुगम होगा।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के कार्यपालन अभियंता आशीष कुलदीप ने जानकारी दी कि जल्द ही टेंडर प्रक्रिया प्रारंभ की जाएगी और समय-सीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा किया जाएगा।

स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने इस पहल को क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण कदम बताते हुए केंद्र एवं राज्य शासन के प्रति आभार व्यक्त किया।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!