विकास नंद/सर्वव्यापी/

शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालय बोंदा के प्रधान पाठक भोजराज पटेल के सेवानिवृत्ति उपलक्ष्य में निवास ग्राम कुटेला में स्नेह मिलन एवं अभिनंदन समारोह का भव्य आयोजन किया गया।कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, शिक्षकों, जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामवासियों की उल्लेखनीय उपस्थिति रही। सभी ने पटेल के शिक्षा क्षेत्र में दिए गए अमूल्य योगदान की सराहना करते हुए उनके दीर्घ एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। उन्होंने 41 वर्ष 11 माह 3 दिन की निष्ठापूर्ण सेवा पूर्ण कर शिक्षा जगत में एक प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया।पटेल ने अपने सेवाकाल में विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों एवं पदों पर कार्य करते हुए शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने 1983 से 1986 तक शासकीय प्राथमिक शाला रुढ़ा, 1986 से 1988 तक बीटीआई महासमुंद, 1988 से 1989 तक शासकीय प्राथमिक शाला पड़कीपाली (पिथौरा), 1989 से 2000 तक शासकीय प्राथमिक शाला झिलमिला, 2000 से 2008 तक संकुल समन्वयक, 2008 से 2012 तक सपोर्टिंग टीचर, 2012 से 2017 तक शासकीय उच्च प्राथमिक शाला बोंदा, 2017 से 2023 तक विकासखंड स्त्रोत समन्वयक सरायपाली तथा 2023 से अब तक प्रधान पाठक के रूप में सेवाएं दीं।समारोह में वक्ताओं ने अपने उद्बोधन में कहा कि पटेल ने अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा के साथ विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उनके मार्गदर्शन में अनेक छात्र-छात्राएं आज विभिन्न क्षेत्रों में सफलता प्राप्त कर रहे हैं।इस अवसर पर उनका पुष्पगुच्छ, शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। उपस्थित लोगों ने उनके साथ बिताए अनुभव साझा करते हुए भावभीनी विदाई दी।कार्यक्रम में परिवारजनों, पेंशनर्स संघ के सदस्यों, शिक्षा जगत के साथियों एवं ग्रामवासियों की गरिमामयी उपस्थिति रही। विभिन्न वक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त करते हुए उनके योगदान को अविस्मरणीय बताया।अंत में भोजराज पटेल ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सेवाकाल के दौरान मिला सहयोग और स्नेह उनके लिए अमूल्य है, जिसे वे जीवनभर नहीं भूलेंगे।कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोज एवं आपसी स्नेह मिलन के साथ हुआ। संचालन राजाराम पटेल ने किया।