विकास नंद/ सर्वव्यापी/
राज्य शासन के निर्देश एवं कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के मार्गदर्शन में जिले के शासकीय उचित मूल्य दुकानों में चावल उत्सव उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर सभी दुकानों में उत्सव के रूप में खाद्यान्न वितरण किया गया, जिससे हितग्राहियों को समय पर और सुगमता से राशन प्राप्त हुआ।चावल उत्सव के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में चावल वितरण का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में राशन कार्डधारी हितग्राही, निगरानी समिति के सदस्य, मितानिन, स्वैच्छिक संगठनों के प्रतिनिधि तथा राजस्व एवं खाद्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। हितग्राहियों ने शासन द्वारा तीन माह का चावल वितरण किए जाने पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि इससे राशन की चिंता से काफी राहत मिली है।जिला प्रशासन द्वारा सार्वजनिक वितरण प्रणाली के अंतर्गत खाद्यान्न की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में अप्रैल, मई एवं जून माह के लिए चावल भंडारण की व्यवस्था की गई है, जिसमें अप्रैल माह का शत-प्रतिशत भंडारण पूर्ण हो चुका है। वहीं मई माह के लिए 221 दुकानों तथा जून माह के लिए 39 दुकानों में अग्रिम भंडारण किया जा चुका है।कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी पात्र हितग्राहियों को समय पर एवं पारदर्शी तरीके से खाद्यान्न वितरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच सके।