विकास नंद/ सर्वव्यापी/

राज्य में रासायनिक उर्वरकों की कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने स्पष्ट किया कि गड़बड़ी पाए जाने पर दोषियों को जेल भेजा जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रदेश में उर्वरकों की कोई कमी नहीं होगी और किसानों को घबराने की जरूरत नहीं है।
रायपुर में आयोजित समीक्षा बैठक में मंत्री ने खरीफ 2026 की तैयारियों, उर्वरक उपलब्धता और विभागीय योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को नवाचार, फसल परिवर्तन और जैविक खेती को बढ़ावा देने के निर्देश दिए, ताकि खेती अधिक टिकाऊ और लाभकारी बन सके।
5 से 20 मई तक चलने वाले “विकसित भारत संकल्प अभियान” के तहत गांव-गांव जाकर किसानों को आधुनिक तकनीकों और योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। साथ ही मौके पर ही समस्याओं का समाधान और योजनाओं से जोड़ने पर जोर रहेगा।
बैठक में दलहन-तिलहन और मक्का जैसी वैकल्पिक फसलों को बढ़ावा देने, एग्रीस्टैक पोर्टल पर शेष किसानों का शीघ्र पंजीयन कराने और दूरस्थ क्षेत्रों में उर्वरक भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।