विकास नंद/ सर्वव्यापी/
महासमुंद पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिला स्तरीय ड्रग्स डिस्पोजल कमेटी की निगरानी में आज करीब 5 करोड़ 2 लाख 50 हजार रुपये मूल्य के गांजे का नियमानुसार नष्टीकरण किया गया।पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में गठित समिति ने शासन के निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए थाना कोमाखान में दर्ज तीन अलग-अलग एनडीपीएस एक्ट के मामलों में जब्त गांजे को नष्ट किया। यह कार्रवाई बालाजी प्लांट, बेलसोंडा (महासमुंद) में की गई, जहां पहले भौतिक सत्यापन किया गया, उसके बाद विधिवत नष्टीकरण की प्रक्रिया पूरी की गई।नष्टीकरण की गई कुल मात्रा 996.660 किलोग्राम (09 क्विंटल 96 किलो 660 ग्राम) रही, जो वर्ष 2025 के एक और वर्ष 2026 के दो मामलों से संबंधित थी।इस पूरी प्रक्रिया में समिति के सदस्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एवं जिला आबकारी अधिकारी भी उपस्थित रहे। पुलिस विभाग का कहना है कि अवैध मादक पदार्थों के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी, जिससे जिले में नशे के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।