कमिश्नर कावरे ने किया “प्रयास” मॉक टेस्ट का निरीक्षण, 410 विद्यार्थियों ने दिखाई प्रतिभा।

Share Now

विकास नंद /सर्वव्यापी/

विकासखंड बागबाहरा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सुखरीडबरी में कक्षा 9वीं प्रवेश हेतु आयोजित “प्रयास” मॉक टेस्ट का रविवार को रायपुर संभाग के कमिश्नर महादेव कावरे द्वारा निरीक्षण किया गया। उनके साथ विभागीय जांच आयुक्त भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान कमिश्नर कावरे ने परीक्षा केंद्र की व्यवस्थाओं, पारदर्शिता एवं अनुशासन की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनकी तैयारी, विषयों की समझ और आत्मविश्वास का आकलन किया। विशेष रूप से गणित विषय के प्रश्न पूछकर विद्यार्थियों की अवधारणात्मक समझ को परखा और जटिल सवालों को सरल तरीके से समझाते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया।कमिश्नर कावरे ने कहा कि इस प्रकार के मॉक टेस्ट विद्यार्थियों को वास्तविक परीक्षा के लिए तैयार करने में अत्यंत उपयोगी हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहें, ताकि ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को भी गुणवत्तापूर्ण प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण मिल सके।

उल्लेखनीय है कि इस मॉक टेस्ट में महासमुंद सहित रायपुर, गरियाबंद, बलौदाबाजार और धमतरी जिलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कुल 456 विद्यार्थियों ने पंजीयन कराया, जिनमें से 410 विद्यार्थी परीक्षा में शामिल हुए। परीक्षा में विज्ञान, गणित, सामान्य विज्ञान, हिंदी, अंग्रेजी, मानसिक योग्यता एवं सामान्य ज्ञान विषयों से 100 प्रश्न पूछे गए, जिससे विद्यार्थियों की समग्र तैयारी का मूल्यांकन किया गया।

इस आयोजन को सफल बनाने में शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं शिक्षकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!