विकास नंद/ सर्वव्यापी

नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में आज भाजपा पदाधिकारियों द्वारा सरायपाली विधानसभा के नगरीय क्षेत्र में पदयात्रा निकाली गई। इस पदयात्रा में महासमुंद की सांसद रूपकुमारी चौधरी भी शामिल हुईं और कार्यकर्ताओं के साथ नगर के विभिन्न मार्गों से होकर गुजरीं।
पदयात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला, वहीं नारी सशक्तिकरण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया गया। लेकिन इस पूरे आयोजन के बीच एक बड़ी चूक चर्चा का विषय बन गई।
नगर के प्रमुख चौक-चौराहों पर लगाए गए भाजपा के बैनर-पोस्टरों में नारी शक्ति वंदन अभियान की प्रदेश संयोजक एवं लक्ष्मी रजवाड़े का नाम और तस्वीर गायब नजर आई।इस मामले को लेकर अब कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
राजनीतिक जानकार इसे प्रोटोकॉल के तहत लापरवाही या अनुशासनहीनता से जोड़कर देख रहे हैं। वहीं आम लोगों के बीच भी यह चर्चा का विषय बना हुआ है कि आखिर इतनी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी निभा रहीं मंत्री को प्रचार सामग्री में स्थान क्यों नहीं दिया गया।
बहरहाल, अब यह देखना दिलचस्प होगा कि इस तरह की चूक पर भाजपा का शीर्ष नेतृत्व क्या रुख अपनाता है और भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही को लेकर क्या कदम उठाए जाते हैं।