तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
बिलासपुर यदुनंदन नगर तिफरा स्थित मुक्तिधाम में अब अंतिम संस्कार से पूर्व पार्थिव देह के अंतिम दर्शन एवं विधि-विधान से पूजा-अर्चना के लिए “शव विश्राम स्थल” का निर्माण कर दिया गया है। यह सराहनीय पहल स्थानीय समाजसेवी दिनेश चंदानी (होटल बंसीवाला) द्वारा की गई है।नवनिर्मित इस स्थल पर “स्व. मोहिनी देवी चंदानी जी की स्मृति में” उल्लेख अंकित है, जो इस कार्य को एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि का स्वरूप भी प्रदान करता है।बताया गया कि मुक्तिधाम में पहले पार्थिव देह को अंतिम संस्कार से पहले जमीन पर ही रखकर पूजा-अर्चना करनी पड़ती थी, जिससे परिजनों को असुविधा के साथ-साथ भावनात्मक पीड़ा का भी सामना करना पड़ता था। इस स्थिति को देखते हुए दिनेश चंदानी ने पहल करते हुए शव विश्राम स्थल का निर्माण कराया, ताकि अंतिम संस्कार से पूर्व दिवंगत के प्रति सम्मानपूर्वक अंतिम दर्शन और धार्मिक क्रियाएं संपन्न हो सकें।दिनेश चंदानी ने कहा कि माँ काली श्मशान वासिनी के आशीर्वाद से उन्हें यह सेवा कार्य करने का अवसर प्राप्त हुआ। उनके अनुसार यह एक छोटी सी कोशिश है, जिसका उद्देश्य अंतिम संस्कार जैसी संवेदनशील प्रक्रिया को अधिक व्यवस्थित और गरिमामय बनाना है।स्थानीय नागरिकों एवं क्षेत्रवासियों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि यह सुविधा न केवल व्यवस्थाओं में सुधार लाएगी, बल्कि शोकाकुल परिवारों को कठिन समय में कुछ राहत भी प्रदान करेगी। उन्होंने इसे समाजहित में एक प्रेरणादायक और अनुकरणीय कदम बताया।