प्रशिक्षण से अनुपस्थित शिक्षकों को नोटिस, 24 घंटे में मांगा स्पष्टीकरण।

Share Now

तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

बिलासपुर नगर पालिक निगम बिलासपुर (जोन क्रमांक-02, तिफरा) द्वारा जनगणना 2027 के अंतर्गत आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में अनुपस्थित रहने वाले शिक्षकों पर सख्ती बरतते हुए कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया है।जारी आदेश के अनुसार, वार्ड क्रमांक 05 से 12 क्षेत्र में भवनों के सर्वे एवं गणना कार्य के लिए नियुक्त प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों का 3 दिवसीय प्रशिक्षण (13 अप्रैल से 15 अप्रैल 2026) स्वामी आत्मानंद शासकीय बहुउद्देशीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, दयालबंद में आयोजित किया गया था। इसकी सूचना संबंधित कर्मचारियों को पूर्व में ही ऑनलाइन, मोबाइल एवं व्हाट्सएप के माध्यम से दे दी गई थी।इसके बावजूद बिना अनुमति प्रशिक्षण से अनुपस्थित रहने पर संबंधितों से 24 घंटे के भीतर संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। आदेश में स्पष्ट कहा गया है कि जवाब प्रस्तुत नहीं करने अथवा असंतोषजनक पाए जाने पर इसे राष्ट्रीय महत्व के कार्य में लापरवाही मानते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी, जिसकी पूर्ण जिम्मेदारी संबंधित कर्मचारी की होगी।इसी प्रकार के नोटिस शासकीय नवीन प्राथमिक शाला सिरगिट्टी की सहायक शिक्षक पूर्णिमा पात्रे, शांति सुमन बरा के साथ ही विनीता सोनी, शासकीय जनपद प्राथमिक शाला सिरगिट्टी, सहायक शिक्षक एलबी, प्रवीण कुमार दुबे (शासकीय प्राथमिक शाला परसदा), नीलिमा बग्गा (शिक्षक, स्वामी आत्मानंद स्कूल तिफरा) तथा गणेशी कुर्रे (सहायक शिक्षक, स्वामी आत्मानंद हिंदी-अंग्रेजी माध्यम हायर सेकंडरी स्कूल तिफरा) को भी जारी किए गए हैं।नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!