बोडेसरा स्कूल में ‘पढ़ई तिहार 2026’ का उत्साहपूर्ण आयोजन, माताओं की सक्रिय भागीदारी से सजी शिक्षा की अनूठी पहल।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

शासकीय प्राथमिक शाला बोडेसरा में अंगना म शिक्षा 5.0 के अंतर्गत ‘पढ़ई तिहार 2026’ का सफल एवं प्रेरणादायक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में माताओं, गणमान्य नागरिकों, शाला प्रबंधन समिति के सदस्यों तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं की सक्रिय सहभागिता देखने को मिली।इस आयोजन की खास बात यह रही कि माताओं ने ‘स्मार्ट माता’ के रूप में अंगना म शिक्षा के सभी 9 काउंटरों पर उत्साहपूर्वक भाग लिया। उन्हें ग्रीष्मकाल के दौरान बच्चों को पढ़ाई से जोड़े रखने और आगामी सत्र के लिए पूर्व तैयारी कराने के विभिन्न तरीके सिखाए गए। साथ ही आंगनबाड़ी के बच्चों को कक्षा 1 में प्रवेश के लिए तैयार करने और घर पर उपलब्ध सामग्री से खेल-खेल में शिक्षण कराने की गतिविधियां भी बताई गईं।गर्मी को ध्यान में रखते हुए माताओं को घर पर ही ब्लैकबोर्ड बनाकर बच्चों को अभ्यास कराने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि बच्चे सीखी हुई बातों को दोहरा सकें और छोटे बच्चों में लेखन से पहले आवश्यक कौशल विकसित हो सके। इसके अलावा बच्चों को डिहाइड्रेशन से बचाने और स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने पर भी विशेष जोर दिया गया।कार्यक्रम के दौरान प्रधान पाठक बनमोती चिन्तामणि ने कहा कि हर बच्चे में प्रतिभा छिपी होती है, जिसे पहचानने और निखारने की आवश्यकता होती है। उन्होंने माताओं को समझाया कि घर ही बच्चे की पहली पाठशाला है और मां उसकी पहली गुरु होती है। बचपन में दिए गए संस्कार ही आगे चलकर बच्चे के व्यक्तित्व और आचरण में दिखाई देते हैं।माताओं को बच्चों में स्वच्छता, अनुशासन, नियमित स्कूल आने, बड़ों का सम्मान करने, प्रेमपूर्ण व्यवहार, एकता और सहयोग जैसे बुनियादी गुण विकसित करने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि वे भविष्य में अच्छे नागरिक बन सकें।इस अवसर पर माताओं के लिए मनोरंजक और ज्ञानवर्धक खेलों का आयोजन भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में माताओं का सम्मान करते हुए उन्हें उपहार एवं स्वल्पाहार प्रदान किया गया। कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रपाल भोई (सहायक शिक्षक) द्वारा किया गया।इस प्रकार ‘पढ़ई तिहार 2026’ का आयोजन उत्साह, प्रेरणा और हर्षोल्लास के वातावरण में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!