विकास नंद/ सर्वव्यापी
जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन ‘निश्चय’ के तहत महासमुंद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने गांजा तस्करी के एक बड़े मामले का खुलासा करते हुए 912.760 किलोग्राम गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 4 करोड़ 56 लाख 38 हजार रुपए आंकी गई है। इस कार्रवाई में परिवहन में प्रयुक्त वाहन सहित कुल 4 करोड़ 66 लाख 45 हजार रुपए की संपत्ति जब्त की गई है।पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से एक आईशर प्रो 2059 वाहन में गांजा लेकर तस्कर पलसापाली बैरियर की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर एन्टी नारकोटिक टास्क फोर्स और थाना बसना पुलिस ने नाकाबंदी कर वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन में लदे केले के बीच 29 बोरियों में छुपाकर गांजा परिवहन करते हुए पाया गया।तस्कर पुलिस को गुमराह करने के लिए फर्जी नंबर प्लेट का भी उपयोग कर रहे थे। जांच में चार नकली नंबर प्लेट बरामद किए गए। पुलिस ने मौके से आरोपी अब्दुल नईम (42 वर्ष), निवासी जमशेदपुर, झारखंड को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ओडिशा से उत्तरप्रदेश गांजा सप्लाई करने की फिराक में था।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(B)(ii)(C) सहित भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे न्यायिक रिमांड पर भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
जब्त सामग्री में 912.760 किलोग्राम गांजा, एक आईशर वाहन, दो मोबाइल फोन और चार फर्जी नंबर प्लेट शामिल हैं।महासमुंद पुलिस की सतर्कता और लगातार चेकिंग अभियान के चलते इस बड़ी तस्करी को समय रहते रोक लिया गया।
उल्लेखनीय है कि पिछले तीन महीनों में जिले में 72 मामलों में कुल 5629.602 किलोग्राम गांजा जब्त किया गया है और 187 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें 52 छत्तीसगढ़ और 135 अन्य राज्यों के निवासी हैं।