विकास नंद/ सर्वव्यापी/
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक के पश्चात सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक ली। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा आमजन में जागरूकता बढ़ाने के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू सहित समिति के सदस्य और जिला अधिकारी उपस्थित रहे।कलेक्टर लंगेह ने जिला शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि स्कूलों के माध्यम से विद्यार्थियों द्वारा पालकों तक पहुंच बनाकर यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाई जाए, ताकि सड़क सुरक्षा को लेकर सामूहिक जिम्मेदारी विकसित हो सके। उन्होंने यातायात विभाग को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि हेलमेट नहीं पहनने और अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों पर ई-चालान की प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।रात्रि के समय सड़कों पर घूमने वाले मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए एनएचआई, पशुपालन विभाग, यातायात विभाग और नगरीय निकायों को संयुक्त अभियान चलाकर मवेशियों को सड़कों से हटाने के निर्देश दिए गए। साथ ही पशु मालिकों की पहचान कर उनके विरुद्ध कार्रवाई करने को भी कहा गया।बैठक में चिन्हित दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) एवं नए ब्लैक स्पॉट का चिन्हांकन कर वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग तथा नगरीय व ग्रामीण निकायों को निर्देशित किया गया। इसके अलावा ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए।कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सभी संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े दिशा-निर्देशों का गंभीरता से पालन करने तथा आपसी समन्वय के साथ प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।