विकास नंद/ सर्वव्यापी
छत्तीसगढ़ शासन, गृह विभाग के निर्देशों के अनुरूप भारत की डिजिटल जनगणना 2027 का कार्य दो चरणों में संपादित किया जाएगा। इसके तहत प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना का कार्य 01 मई 2026 से 30 मई 2026 तक किया जाएगा।
निर्देशानुसार प्रत्येक जिले में जनगणना प्रकोष्ठ का गठन किया जाना है। इसी क्रम में महासमुंद जिले में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह की अध्यक्षता में जनगणना कार्य के प्रभावी संचालन, निगरानी एवं संपादन के लिए जिला स्तरीय जनगणना प्रकोष्ठ का गठन किया गया है।जनगणना प्रकोष्ठ के अध्यक्ष कलेक्टर एवं प्रमुख जनगणना अधिकारी विनय कुमार लंगेह होंगे। वहीं पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत रमेश नंदनवार, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, डिप्टी कलेक्टर (जिला जनगणना अधिकारी) मनोज कुमार खांडे तथा उप संचालक सांख्यिकी (अतिरिक्त जिला जनगणना अधिकारी) मधु साहू को सदस्य बनाया गया है।इसके अलावा समाज कल्याण, खाद्य, जिला सूचना एवं विज्ञान, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि, परिवहन, श्रम, आबकारी, उद्योग, जनसंपर्क एवं आदिम जाति विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी तथा सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को भी प्रकोष्ठ में सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।