बिलासपुर, भागवत प्रसाद, ब्यूरो चीफ सर्वव्यापी

जनसंपर्क विभाग, बिलासपुर में समाचार पत्रों के नियमित जमा और उससे जुड़ी प्रक्रियाओं को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हुए है। बिलासपुर शहर के वरिष्ठ पत्रकार व संपादक तरुण कौशिक ने अपने समाचार पत्र “सर्वव्यापी अखबार” के प्रकाशन एवं जमा प्रक्रिया को लेकर विभागीय कार्यप्रणाली पर असंतोष व्यक्त किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, सर्वव्यापी संपादक तरुण कौशिक का कहना है कि वे विगत लगभग छह वर्षों से नियमित रूप से अपने समाचार पत्र के सभी अंक, संयुक्तांक सहित क्रम संख्या एवं वर्षवार विवरण के साथ जनसंपर्क संचालनालय छत्तीसगढ़, छत्तीसगढ़ संवाद, पत्र सूचना कार्यालय रायपुर तथा जनसंपर्क विभाग बिलासपुर में जमा करते आ रहे हैं।उन्होंने आरोप लगाया है कि सभी दस्तावेजों एवं अंकों को पूर्ण प्रमाण सहित प्रस्तुत किए जाने के बावजूद, विभागीय स्तर पर अपेक्षित सहयोग, विज्ञापन अथवा अधिमान्यता कार्ड जैसी प्रक्रियाएं अब तक पूर्ण नहीं की गई हैं।संपादक का यह भी कहना है कि बिलासपुर जनसंपर्क कार्यालय में अखबार जमा करने के दौरान कार्यरत एक कर्मचारी द्वारा बार-बार बहसबाजी जैसी स्थितियां उत्पन्न होने से कार्य संपादन में असुविधा होती है, जिससे प्रक्रिया प्रभावित होती है।उन्होंने विभागीय व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि नियमित और प्रमाणित रूप से जमा किए जा रहे समाचार पत्रों के बावजूद वर्षों से लंबित प्रक्रियाओं का निराकरण नहीं हो सका है, जिससे पत्रकारिता जगत में असंतोष की स्थिति निर्मित हो रही है।इसी क्रम में बताया गया है कि उक्त पूरे मामले की औपचारिक शिकायत जनसंपर्क विभाग के सचिव रोहित यादव तथा जनसंपर्क संचालक रजत बंसल को भी प्रेषित की गई है, जिसमें प्रकरण की जांच एवं आवश्यक कार्रवाई की मांग की गई है। फिलहाल विभाग की ओर से इस विषय पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।