विकास नंद/ सर्वव्यापी/
जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र महासमुंद द्वारा RAMP योजना (Raising and Accelerating MSME Performance) के अंतर्गत बुधवार को सरायपाली स्थित जोका कैफे में उद्योग एवं बैंकर्स कनेक्ट कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में जिले के लगभग 25 सूक्ष्म एवं लघु उद्यमियों, महिला उद्यमियों, स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधियों तथा पीएमएफएमई योजना के लाभार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। सरायपाली विकासखंड के प्रमुख बैंकों—भारतीय स्टेट बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ इंडिया सहित अन्य बैंक अधिकारियों ने उपस्थित उद्यमियों को विभिन्न वित्तीय योजनाओं, ऋण सुविधाओं, मुद्रा योजना, CGTMSE योजना तथा RAMP योजना के लाभों की विस्तृत जानकारी दी।कार्यशाला के दौरान औद्योगिक विकास नीति 2024-30 एवं पीएमएफएमई योजना के प्रावधानों, छूट और रियायतों पर भी विस्तार से प्रकाश डाला गया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि प्रतिभागियों को बैंक अधिकारियों के साथ सीधा संवाद करने का अवसर मिला। उद्यमियों ने अपने व्यापार से जुड़ी समस्याएं साझा कीं, जिन पर बैंक अधिकारियों ने मार्गदर्शन और समाधान प्रस्तुत किए।जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक मोहन लाल साहू ने बताया कि इस प्रकार के संवाद कार्यक्रम MSME सेक्टर को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी उद्यमियों के हित में ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित किए जाएंगे।