नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव हेतु नामांकन प्रक्रिया प्रारंभ…पार्षद 1, सरपंच 2 और 16 पंच पदों के लिए होंगे उप चुनाव।

Share Now

तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

बिलासपुर में नगरीय निकाय एवं त्रिस्तरीय पंचायत उप चुनाव के लिए अधिसूचना जारी होने के साथ ही आज से नामांकन पत्र लेने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि 18 मई 2026 निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की जांच 19 मई को की जाएगी तथा 21 मई तक नाम वापसी की जा सकेगी। इसके बाद 1 जून 2026 को मतदान संपन्न होगा।

नगर निगम बिलासपुर के वार्ड क्रमांक 29 में पार्षद पद के लिए नामांकन पत्र जिला कलेक्टोरेट के भू-तल स्थित कक्ष क्रमांक 25 में स्वीकार किए जाएंगे। वहीं त्रिस्तरीय पंचायत उपचुनाव के लिए संबंधित जनपद पंचायत कार्यालयों में नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। पार्षद चुनाव के लिए अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी डॉ. ज्योति पटेल को रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया गया है, जबकि पंचायत चुनावों के लिए संबंधित तहसीलदारों को जिम्मेदारी सौंपी गई है। जिले में नगर निगम बिलासपुर के वार्ड 29 के एक पार्षद पद, 2 सरपंच तथा 16 पंच पदों के लिए निर्वाचन कार्यक्रम घोषित किया गया है। रिक्त सरपंच पदों में विकासखंड मस्तुरी के केंवटाडीह (भूतहा) एवं विकासखंड बिल्हा के मानिकपुर ग्राम पंचायत शामिल हैं। केंवटाडीह में पूर्व निर्वाचित सरपंच पंचराम गोड़ के आकस्मिक निधन के कारण पद रिक्त हुआ है, जबकि मानिकपुर में पूर्व पंचायत चुनाव के दौरान एक भी नाम निर्देशन पत्र प्राप्त नहीं होने से पद खाली है।16 पंच पदों के लिए होने वाले चुनावों में बिल्हा विकासखंड के 3, मस्तुरी के 6 तथा कोटा विकासखंड के 7 पद शामिल हैं। निर्वाचन कार्यक्रम की घोषणा के साथ ही संबंधित क्षेत्रों में आदर्श आचरण संहिता प्रभावशील कर दी गई है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी संजय अग्रवाल ने राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार उप निर्वाचन के सुचारू संचालन के लिए नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है। चुनाव प्रचार के लिए रैली, जुलूस एवं लाउडस्पीकर अनुमति प्रदान करने हेतु एसडीएम एवं तहसीलदारों को अधिकृत किया गया है।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!