विकास नंद/ सर्वव्यापी

सुशासन तिहार के अंतर्गत मुख्यमंत्री Vishnu Deo Sai ने आज जांजगीर-चांपा जिले के पामगढ़ विकासखंड अंतर्गत ग्राम कोसला का औचक निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री के गांव पहुंचते ही पूरे क्षेत्र में उत्साह का माहौल बन गया। गांव के पीपल पेड़ की छांव तले आयोजित चौपाल में मुख्यमंत्री बिना किसी औपचारिकता के खाट पर बैठकर ग्रामीणों से सीधे संवाद करते नजर आए। उनकी सादगी और आत्मीयता ने ग्रामीणों का दिल जीत लिया।मुख्यमंत्री साय ने चौपाल में ग्रामीणों, महिलाओं और किसानों से चर्चा कर शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली तथा समस्याएं सुनकर अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार का उद्देश्य शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करना तथा योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।ग्रामीणों से चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री ने विशेष रूप से पटवारी की नियमित उपस्थिति की जानकारी ली। ग्रामीणों द्वारा संतोषजनक जवाब मिलने पर उन्होंने पटवारी शत्रुघन कुर्रे को निर्देशित किया कि ग्रामीणों और किसानों की समस्याओं का समय पर समाधान सुनिश्चित करें, ताकि लोगों को छोटे-छोटे कार्यों के लिए भटकना न पड़े।चौपाल के दौरान ग्राम कोसला की सावित्री कश्यप ने बताया कि उन्हें महतारी वंदन योजना के तहत नियमित सहायता राशि मिल रही है, जिससे परिवार की जरूरतें पूरी करने में मदद मिल रही है। वहीं “लखपति दीदी” नीमा तिवारी ने बताया कि बिहान योजना से मिली सहायता के बाद उन्होंने आटा चक्की व्यवसाय शुरू किया और आज पांच आटा चक्कियां संचालित कर रही हैं। मुख्यमंत्री ने उनकी सराहना करते हुए अन्य महिलाओं को भी स्व-सहायता समूहों से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित करने की बात कही।मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की भी समीक्षा की। अधिकारियों ने जानकारी दी कि विगत ढाई वर्षों में ग्राम कोसला में 474 परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना की स्वीकृति प्रदान की गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि आवास प्लस सर्वेक्षण के माध्यम से छूटे हुए पात्र हितग्राहियों को भी योजना का लाभ दिया जाएगा।जन चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने ग्रामीणों की मांगों पर त्वरित निर्णय लेते हुए ग्राम कोसला में “महतारी सदन” निर्माण तथा हायर सेकेंडरी स्कूल भवन निर्माण की घोषणा की। मुख्यमंत्री की इन घोषणाओं से ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं और विद्यार्थियों में उत्साह का वातावरण देखने को मिला।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों के हित में लगातार कार्य कर रही है तथा किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। उन्होंने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से जनप्रतिनिधि और अधिकारी गांव-गांव पहुंचकर लोगों की समस्याओं का समाधान कर रहे हैं।इस अवसर पर वित्त मंत्री O. P. Choudhary, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव Subodh Kumar Singh, विशेष सचिव Rajat Bansal, कलेक्टर Janmejaya Mahobe, पुलिस अधीक्षक Nivedita Pal सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।