तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
बलौदाबाजार जिले के ग्राम कुसमी में आयोजित सुशासन तिहार के दौरान प्रशासन का एक संवेदनशील और मानवीय स्वरूप देखने को मिला। कार्यक्रम में अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे ग्रामीणों के बीच उस समय भावुक माहौल बन गया, जब जिला कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने एक बुजुर्ग किसान की परेशानी को समझते हुए स्वयं उसका आवेदन पत्र भर दिया।जानकारी के अनुसार, कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में ग्रामीण अपनी मांगों और शिकायतों को लेकर पहुंचे थे। इसी बीच एक वृद्ध किसान हाथ में खाली आवेदन पत्र लिए खड़े दिखाई दिए। कलेक्टर की नजर जब उन पर पड़ी तो वे तुरंत उनके पास पहुंचे और आत्मीयता से उनकी समस्या पूछी। किसान ने बताया कि वे पढ़ने-लिखने में असमर्थ हैं और अपनी बात प्रशासन तक पहुंचाना चाहते हैं।किसान की स्थिति को देखते हुए कलेक्टर कुलदीप शर्मा ने तत्काल स्वयं आवेदन पत्र अपने हाथों से भरना शुरू किया। उन्होंने किसान की पूरी समस्या ध्यानपूर्वक सुनी और संबंधित जानकारी दर्ज कर आवेदन को विभागीय अधिकारियों को सौंपते हुए जल्द निराकरण के निर्देश दिए।कलेक्टर के इस व्यवहार ने वहां मौजूद ग्रामीणों का दिल जीत लिया। लोगों ने कहा कि प्रशासनिक पद पर बैठे अधिकारी यदि इसी तरह संवेदनशीलता के साथ आमजन की समस्याओं को सुनें, तो शासन के प्रति विश्वास और मजबूत होगा।गौरतलब है कि कलेक्टर कुलदीप शर्मा अपनी सरल कार्यशैली और जनसरोकारों को लेकर लगातार चर्चा में रहते हैं। गांवों में सीधे पहुंचकर जनचौपाल लगाना, बुजुर्गों और महिलाओं से सहज संवाद करना तथा समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश देना उनकी कार्यप्रणाली की खास पहचान बन चुकी है।