विकास नंद/ सर्वव्यापी

महासमुंद जिले में अवैध गतिविधियों एवं सीमावर्ती क्षेत्रों से हो रहे अवैध परिवहन पर रोक लगाने चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान सिंघोड़ा पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। एनएच-353 स्थित रेहटीखोल नाका में वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक वोक्सवैगन वरटस कार से करीब 9 करोड़ 17 लाख रुपए से अधिक मूल्य के सोने के आभूषण बरामद किए हैं।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 17 मई 2026 को उड़ीसा की ओर से आ रही वोक्सवैगन कार क्रमांक GJ 03 NP 4230 को रोककर जांच की गई। कार में सवार तीन व्यक्तियों से पूछताछ के दौरान पुलिस को संदेह हुआ। तलाशी लेने पर कार की पिछली सीट में बनाए गए चेंबर में रखे दो पीठ्ठू बैग बरामद हुए, जिनमें छह प्लास्टिक बॉक्स में विभिन्न प्रकार के सोने के आभूषण रखे मिले।
जांच में कुल 7512.488 ग्राम सोने के आभूषण बरामद हुए, जिनकी कीमत 9 करोड़ 17 लाख 84 हजार 220 रुपए आंकी गई है। वहीं परिवहन में प्रयुक्त वोक्सवैगन कार की कीमत लगभग 10 लाख रुपए बताई गई। इस प्रकार कुल जप्त संपत्ति की कीमत 9 करोड़ 27 लाख 84 हजार 220 रुपए है।पुलिस ने वाहन चालक जयेश अकबरी (32 वर्ष), सुनीत कारेना (22 वर्ष) तथा रूशी अग्रावत (26 वर्ष), सभी निवासी राजकोट (गुजरात), से सोने के आभूषणों के संबंध में वैध दस्तावेज प्रस्तुत करने हेतु धारा 94 बीएनएसएस के तहत नोटिस दिया।
दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर धारा 106 बीएनएसएस के तहत सोने के आभूषण एवं वाहन को जप्त कर अग्रिम कार्रवाई के लिए आयकर विभाग एवं राजस्व सूचना निदेशालय छत्तीसगढ़ को सूचना भेजी गई है।
जप्त संपत्ति
विभिन्न प्रकार के सोने के आभूषण, वजन 7512.488 ग्राम, कीमत 9,17,84,220 रुपएवोक्सवैगन वरटस कार, कीमत 10,00,000 रुपएकुल जप्त संपत्ति की कीमत: 9,27,84,220 रुपए।