जीपीएम/ सर्वव्यापी / सीता बनाफर /

मरवाही नगर पंचायत बनने के बाद मानों लोगों पर आफत का पहाड़ टूट गया है l लोगों ने नगर पंचायत बनने से पहले मन में जो विकास के सपने संजोए थे, वह अब टूटटे नजर आ रही है l आम लोगों को आवास, बिजली, पानी, सड़क, नाली, शौचालय जैसे मूलभूत सुविधाओं के लिए भी जद्दोजहद करनी पड़ रही है l आवेदन, निवेदन और प्रतिवेदन के बोझ से आलमारी भर चुके हैं और अब खाली कमरों में अपना जीवन तलाश रहे हैं l लेकिन नगर पंचायत के अधिकारियों और कर्मचारियों पर इसका कोई फर्क नहीं पड़ रहा है l अब लोग यह कहने लगे हैं कि इससे अच्छा तो ग्राम पंचायत ही ठीक था lमामला छत्तीसगढ़ के बहुत चर्चित मरवाही विधानसभा के नगर पंचायत मरवाही के वार्ड क्रमांक पांच से सामने आया है, जहां बुजुर्ग सुगरतिया बाई के द्वारा पिछले साल के सुशासन तिहार में दिए गए आवेदन छत्तीसगढ़ सरकार के सुशासन की पोल खोल रही है l जहां 75 वर्ष की अकेली, बुजुर्ग, निराश्रित महिला निजी शौचालय के लिए नगर पंचायत के चक्कर काट रही है और वातानुकूलित कमरे में बैठे अधिकारी उसकी समस्या का निराकरण करने में नाकाम साबित हो रहे हैं l यह महज एक महिला की समस्या नहीं है बल्कि पूरे नगर पंचायत की हकीकत बयां कर रही है l बुजुर्ग महिला ने सर्वव्यापी को बताया कि उसकी इतनी हैसियत नहीं है कि वह निजी रूप से शौचालय का निर्माण करा सके l घर में शौचालय नहीं होने से रात और पेट खराब होने पर उन्हें कई प्रकार की समस्या का सामना करना पड़ता है l घर जंगल के करीब होने के कारण हमेशा हाथी, भालू, जंगली सूअर जैसे जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है l आगे उसने अपनी समस्या बताते हुए कहा कि बार-बार नगर पंचायत को आवेदन देने के बाद भी जब समस्या का समाधान नहीं हुआ तो उसने पड़ोसियों के माध्यम से पिछले साल 2025 में छत्तीसगढ़ सरकार पर भरोसा करके सुशासन तिहार में आवेदन किया था l जिसका आवेदन क्रमांक -25570336200002 दिनांक –10/04/2025 है l आवेदन के निराकरण का आश्वासन देकर उसे सभी आवश्यक दस्तावेज नगर पंचायत में जमा करने के निर्देश दिए गए थे, जिसके बाद बुजुर्ग महिला ने सभी आवश्यक दस्तावेज नगर पंचायत मरवाही में जमा कर दिए थे l जिसकी पावती अभी भी बुजुर्ग महिला के पास मौजूद है l लेकिन उसके बाद आज तक महिला का निजी शौचालय का निर्माण नहीं कराया गया है l अब दूसरा साल का सुशासन तिहार आ गया है और फिर से महिला को आवेदन देने के लिए बेबस होना पड़ रहा है l महिला का कहना है कि जब लोगों के काम नहीं हो रहे हैं तो इतने सारे बेकार में बार-बार सुशासन तिहार मनाने का नाटक करने की क्या जरूरत है l बहरहाल अब आगे देखना यह होगा कि जिले के नवपदस्थ कलेक्टर संतोष कुमार देवांगन सर्वव्यापी में खबर प्रकाशित होने के बाद आगे क्या सकारात्मक कदम उठाते हैं या फिर बुजुर्ग महिला आगे भी नगर पंचायत मरवाही के चक्कर काटने को बेबस और लाचार रहेगी ?”मरवाही नगर पंचायत के सीएमओ अमलदीप मिंज के मोबाइल न. 7974384778 पर उनका पक्ष जानने के लिए तीन बार कॉल किया गया लेकिन उसके द्वारा कॉल रिसीव नहीं किया गया “