विकास नंद/ सर्वव्यापी
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट परिसर का औचक निरीक्षण कर विभिन्न शाखाओं की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विशेष रूप से भू-अभिलेख रिकॉर्ड रूम का अवलोकन करते हुए रिकॉर्ड को व्यवस्थित, सुरक्षित एवं अद्यतन रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर लंगेह ने स्पष्ट कहा कि भू-अभिलेख शाखा में किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अतिरिक्त राशि वसूली या किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि की शिकायत मिलने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि रिकॉर्ड रूम में बाहरी व्यक्तियों की आवाजाही पर कड़ी निगरानी रखी जाए।कलेक्टर ने आम नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी बिचौलिये अथवा अनाधिकृत व्यक्ति के झांसे में न आएं और सीधे संबंधित कार्यालय में शासन की निर्धारित प्रक्रिया के तहत ही कार्य कराएं।निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर की स्वच्छता व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया। शौचालयों में गंदगी पाए जाने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित कर्मचारियों को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी टॉयलेट्स की प्रतिदिन कम से कम दो बार फिनाइल से सफाई सुनिश्चित की जाए तथा प्रत्येक घंटे टॉयलेट फ्रेशनर का उपयोग कर स्वच्छ वातावरण बनाए रखा जाए।कलेक्टर लंगेह ने कहा कि शासकीय कार्यालयों में पारदर्शिता, अनुशासन और स्वच्छता प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।इस दौरान अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा एवं रवि साहू, डिप्टी कलेक्टर आशीष कर्मा और मनोज खांडे सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।