विकास नंद/ सर्वव्यापी
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार जिले में कृषि आदानों की सतत निगरानी एवं औचक निरीक्षण की कार्रवाई लगातार जारी है। किसानों को गुणवत्तायुक्त खाद एवं उर्वरक उपलब्ध कराने तथा कालाबाजारी पर रोक लगाने के उद्देश्य से प्रशासन द्वारा सख्त कदम उठाए जा रहे हैं।
इसी क्रम में सरायपाली विकासखण्ड में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनुपमा आनंद एवं तहसीलदार श्रीधर पंडा के नेतृत्व में ओम फर्टिलाइज़र प्रतिष्ठान का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान भौतिक सत्यापन में प्रतिष्ठान के स्टॉक में 298 बोरी खाद कम पाई गई। अनियमितता पाए जाने पर मौके पर उपलब्ध स्टॉक को जप्त करने की कार्रवाई की गई। साथ ही अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु प्रस्ताव कृषि विभाग को भेजा जा रहा है।
वहीं महासमुंद विकासखण्ड में गत दिवस तहसीलदार जुगल किशोर पटेल के नेतृत्व में बग्गा कृषि सेवा केंद्र की दुकान एवं गोदाम तथा मार्कफेड खाद गोदाम तुमाडबरी का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान खाद एवं उर्वरकों के भंडारण, वितरण व्यवस्था तथा संबंधित अभिलेखों की गहन जांच की गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसानों के हितों से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी तथा जिले में खाद की उपलब्धता एवं वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाएगी।