तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
प्रत्युषा फाउंडेशन रायपुर द्वारा अंतरराष्ट्रीय मातृ दिवस के अवसर पर आयोजित ‘प्रसूति सम्मान एवं शपथ ग्रहण समारोह’ का भव्य आयोजन मैग्नेटो मॉल स्थित संतोष हॉल में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं भगवान जगन्नाथ जी के मंगलाचरण के साथ किया गया। अतिथियों का स्वागत पौधे भेंट कर किया गया।प्रत्युषा फाउंडेशन की संस्थापक एवं अध्यक्ष प्रीति दास मिश्रा ने बताया कि संस्था पिछले कई वर्षों से समाज में संघर्षशील एवं प्रेरणादायी माताओं को सम्मानित करने का कार्य कर रही है। इसी कड़ी में इस वर्ष ऐसी 26 मातृशक्तियों को ‘प्रसूति सम्मान’ से सम्मानित किया गया, जो एकल मातृत्व का दायित्व निभाते हुए अपने बच्चों का पालन-पोषण और बेहतर भविष्य निर्माण कर रही हैं।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में अमरजीत छाबड़ा उपस्थित रहे। विशिष्ट अतिथियों में डॉ. रश्मि चावरे, डॉ. प्रीति सतपति, सामाजिक कार्यकर्ता पुष्पा जी तथा अरविंद ओझा शामिल हुए। अरविंद ओझा ने संस्था के नए सदस्यों को विधिवत शपथ दिलाई।कार्यक्रम के दौरान अदिति दास गुप्ता ने भगवान जगन्नाथ जी के मंगलाचरण पर आकर्षक भरतनाट्यम प्रस्तुति देकर उपस्थितजनों का मन मोह लिया। अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति में सम्मानित मातृशक्तियों को प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान चिन्ह प्रदान किए गए।इसके बाद संस्था में 16 नए सदस्यों को विभिन्न दायित्वों के साथ विधिवत शपथ ग्रहण कराकर शामिल किया गया। नवगठित कार्यकारिणी में संरक्षक, सलाहकार, अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, कोषाध्यक्ष, सहसचिव एवं सदस्य पदों पर नियुक्त सदस्यों ने समाजसेवा एवं महिला सशक्तिकरण के लिए कार्य करने का संकल्प लिया।समारोह में कान्यकुब्ज ब्राह्मण समाज के अध्यक्ष सुरेश मिश्रा, एस.के. केयर हॉस्पिटल के सीईओ डॉ. सुनील ओझा, शुभारंभ फाउंडेशन की अध्यक्ष सीमा कांटकार, पत्रकार वैभव गुप्ता सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।कार्यक्रम के अंत में संस्था के संरक्षक गुणनिधि मिश्रा ने आभार प्रदर्शन किया। सभी अतिथियों एवं सदस्यों की गरिमामयी उपस्थिति में समारोह सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम ने मातृत्व, नारी सशक्तिकरण और सामाजिक सहभागिता के संदेश को नई ऊर्जा प्रदान की।