विकास नंद/ सर्वव्यापी

रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने अपनी प्रशासनिक कार्यशैली और जनहितकारी पहलों के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। फेम इंडिया और एशिया पोस्ट द्वारा किए गए राष्ट्रीय मूल्यांकन में उन्हें देश के टॉप 100 जिलाधिकारियों में शामिल किया गया है। खास बात यह है कि डॉ. सिंह की प्रशासनिक सेवा की प्रथम पदस्थापना महासमुंद जिले के सरायपाली में एसडीएम के रूप में हुई थी।सरायपाली में कार्यकाल के दौरान डॉ. गौरव सिंह ने आम जनता से सीधे संवाद, त्वरित समस्या समाधान और पारदर्शी प्रशासन की कार्यशैली से अपनी अलग पहचान बनाई थी। ग्रामीण क्षेत्रों में विकास कार्यों की निगरानी, राजस्व मामलों के त्वरित निराकरण तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर उनके प्रयासों की व्यापक सराहना हुई थी।आज वही प्रशासनिक अनुभव और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता उन्हें देश के श्रेष्ठ अधिकारियों की सूची तक लेकर पहुंची है। राष्ट्रीय स्तर पर हुए इस मूल्यांकन में देशभर के लगभग 800 जिलों के अधिकारियों का 10 प्रमुख मानकों पर आकलन किया गया, जिसमें प्रशासनिक पारदर्शिता, नवाचार, नागरिक सेवाओं का सरलीकरण और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे पहलुओं को शामिल किया गया था।डॉ. गौरव सिंह की इस उपलब्धि से सरायपाली और महासमुंद जिले के लोगों में भी खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि सरायपाली में उनकी कार्यशैली ने ही उनके उज्ज्वल प्रशासनिक भविष्य की मजबूत नींव रखी थी।