विकास नंद/ सर्वव्यापी

जिले में बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करने के उद्देश्य से चलाया जा रहा HPV टीकाकरण अभियान अब जनभागीदारी का स्वरूप लेता जा रहा है। सरायपाली विकासखंड के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बलोदा में आयोजित विशेष टीकाकरण शिविर में बड़ी संख्या में बालिकाओं और महिलाओं की सहभागिता देखने को मिली।कलेक्टर विनय कुमार लंगेह, जिला पंचायत मुख्य कार्यपालन अधिकारी हेमंत रमेश नंदनवार तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान के तहत पीएचसी बलोदा में 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी 56 बालिकाओं को HPV वैक्सीन लगाकर प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही सरायपाली विकासखंड में अब तक कुल 113 बालिकाओं का टीकाकरण पूरा हो चुका है।अभियान की खास बात यह रही कि स्वास्थ्य विभाग के सुपरवाइजर डोलमणी भोई ने अपनी सुपुत्री जेसिनी भोई को स्वयं टीका लगवाकर लोगों के बीच जागरूकता का संदेश दिया। वहीं जनपद सदस्य पद्मिनी प्रदीप भोई की सक्रिय पहल और प्रेरणा से क्षेत्र की कई बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक टीकाकरण कराया। उन्होंने महिलाओं और अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि HPV वैक्सीन पूरी तरह सुरक्षित है और किसी भी अफवाह पर ध्यान नहीं देना चाहिए।शिविर में स्वास्थ्य विभाग की महिला स्वास्थ्यकर्मियों और मितानिनों की भूमिका भी बेहद महत्वपूर्ण रही। उन्होंने घर-घर संपर्क कर अभिभावकों और बालिकाओं को जागरूक किया, जिसके परिणामस्वरूप बड़ी संख्या में लोग शिविर तक पहुंचे।इस अवसर पर डॉ. कुणाल नायक (बीएमओ), टी.आर. धृतलहरे (बीईटीओ), पूजा नाग (नर्सिंग ऑफिसर), जानकी बरिहा (आरएचओ), पूर्णिमा रावल, सुशीला विभार, मायावती चौहान, मीरा ध्रुव, हेमकुमारी ध्रुव, देवश्री दीवान, धानेश्वरी पटेल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, ग्रामीण स्वास्थ्य संयोजक एवं स्थानीय मितानिन उपस्थित रहे।स्वास्थ्य विभाग सरायपाली ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी पात्र बेटियों का HPV टीकाकरण अवश्य कराएं, ताकि आने वाले समय में उन्हें कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित रखा जा सके।