विकास नंद/ सर्वव्यापी
गंभीर और जघन्य अपराधों की जांच को अधिक सटीक, तेज और प्रभावी बनाने के लिए महासमुंद पुलिस को अत्याधुनिक हाईटेक फॉरेंसिक मोबाइल वैन मिली है। यह वैन एक चलते-फिरते वैज्ञानिक प्रयोगशाला के रूप में कार्य करेगी, जिससे अब हत्या, लूट और महिला संबंधी अपराधों की प्रारंभिक वैज्ञानिक जांच सीधे घटनास्थल पर ही की जा सकेगी।जिला मुख्यालय स्थित पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में महासमुंद लोकसभा सांसद रूपकुमारी चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष हेतराम साहू, कलेक्टर विनय लंगेह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रतिभा पांडेय, भाजपा जिला कोषाध्यक्ष राहुल चंद्राकर तथा भाजपा जिला मीडिया प्रभारी आनंद राम साहू सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति में फॉरेंसिक मोबाइल वैन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।इस अत्याधुनिक वैन के माध्यम से घटनास्थल दूषित होने से पहले ही महत्वपूर्ण डिजिटल और जैविक साक्ष्यों को सुरक्षित किया जा सकेगा। इससे अपराधियों के खिलाफ मजबूत वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने में मदद मिलेगी और पीड़ितों को समय पर न्याय मिल सकेगा।फॉरेंसिक मोबाइल वैन में मानव रक्त परीक्षण, हस्तलिपि परीक्षण, फिंगर प्रिंट एवं फुट प्रिंट लिफ्टिंग, डाटा रिट्रीव, हैंडराइटिंग की प्रारंभिक जांच, अत्याधुनिक कैमरों से रिकॉर्डिंग तथा सूक्ष्मदर्शी के माध्यम से विश्लेषण जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इससे अपराध अनुसंधान की प्रक्रिया पहले की तुलना में कहीं अधिक तेज और वैज्ञानिक होगी।कार्यक्रम के दौरान जिला फॉरेंसिक वैज्ञानिक अधिकारी डॉ. लवकेश सिंह ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को वैन का निरीक्षण कराया और इसकी उपयोगिता, तकनीकी विशेषताओं तथा कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी दी।इस अवसर पर डीएसपी (मुख्यालय) चुन्नू तिग्गा, डीएसपी (यातायात) घनेन्द्र ध्रुव, रक्षित निरीक्षक दीप्ति कश्यप सहित पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी एवं ग्रामीणजन मौजूद रहे।