तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
मुंगेली जिले के ग्राम पलानसरी के होनहार युवा गुरुदयाल ने इंडियन फॉरेस्ट सर्विस (IFS) परीक्षा में 105वीं रैंक हासिल कर पूरे मुंगेली जिले और छत्तीसगढ़ प्रदेश का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से गांव सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर है। सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों और युवाओं द्वारा लगातार उन्हें बधाई दी जा रही है। 26 मई को उनके मुंगेली नगर आगमन पर जगह-जगह भव्य स्वागत की तैयारी की जा रही है। इसी क्रम में स्वागत अम्बेडकर चौक कलेक्टर आफिस के सामने स्वागत। शाम 4 बजे और गुरू घासीदास चौंक दाउपारा। सामने स्वागत शाम 4.30 बजे फिर महराणा प्रताप चौक पडाव चौक शाम 5 बजे स्वागत तैयारी की गई है गुरुदयाल ग्राम पलानसरी निवासी सचिव काशीराम के पुत्र हैं। साधारण परिवार में जन्म लेकर सीमित संसाधनों के बीच उन्होंने कठिन संघर्ष और लगातार मेहनत के बल पर यह मुकाम हासिल किया। ग्रामीणों का कहना है कि गुरुदयाल की सफलता पूरे क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।जानकारी के अनुसार गुरुदयाल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा सरस्वती शिशु मंदिर से प्राप्त की। स्कूली शिक्षा के दौरान ही वे पढ़ाई में बेहद मेधावी माने जाते थे। 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में भी उन्होंने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया।उच्च शिक्षा के लिए उन्होंने असम का रुख किया और प्रतिष्ठित आईआईटी गुवाहाटी से इंजीनियरिंग में ग्रेजुएशन पूरा किया। आईआईटी जैसे प्रतिष्ठित संस्थान में अध्ययन के दौरान भी उन्होंने अपने लक्ष्य को लेकर निरंतर मेहनत जारी रखी।इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद गुरुदयाल ने प्रशासनिक सेवा में जाने का लक्ष्य तय किया। इसके लिए वे दिल्ली गए और वहीं रहकर संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तैयारी शुरू की। कठिन प्रतिस्पर्धा और लंबे संघर्ष के बीच उन्होंने लगातार अनुशासन, धैर्य और मेहनत बनाए रखी।वर्षों की तैयारी और अथक प्रयासों के बाद आखिरकार उन्होंने इंडियन फॉरेस्ट सर्विस परीक्षा में 105वीं रैंक हासिल कर अपने परिवार, गांव और जिले का सपना पूरा कर दिया। उनकी सफलता ने यह साबित कर दिया कि मजबूत इरादों और मेहनत के दम पर किसी भी परिस्थिति में बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है।अनुसूचित जाति मोर्चा के जिला अध्यक्ष शिव कुमार बंजारा ने गुरुदयाल की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कहा कि गुरुदयाल ने मुंगेली जिले का गौरव बढ़ाया है और उनकी सफलता समाज एवं युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि साधारण परिवार से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में सफलता प्राप्त करना यह साबित करता है कि मेहनत और लगन से कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।गुरुदयाल की सफलता को लेकर युवाओं में विशेष उत्साह देखा जा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि छोटे गांव से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की परीक्षा में सफलता प्राप्त करना पूरे क्षेत्र के लिए गौरव की बात है। सोशल मीडिया में भी लगातार उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।जानकारी के अनुसार 26 मई को गुरुदयाल के मुंगेली आगमन पर विभिन्न स्थानों पर उनका स्वागत किया जाएगा। सामाजिक संगठनों, युवाओं एवं शुभचिंतकों द्वारा स्वागत कार्यक्रम की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। ग्रामीणों ने कहा कि गुरुदयाल की उपलब्धि आने वाली पीढ़ियों को शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति प्रेरित करेगी।