विकास नंद/ सर्वव्यापी
कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय-सीमा की बैठक के पश्चात सड़क सुरक्षा समिति की बैठक लेकर सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने एवं आमजन में जागरूकता बढ़ाने के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ हेमंत नंदनवार, अपर कलेक्टर सचिन भूतड़ा, रवि साहू, सड़क सुरक्षा समिति के सदस्य एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।बैठक में कलेक्टर ने निर्देश दिए कि स्कूलों में विद्यार्थियों के माध्यम से पालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए, ताकि सड़क सुरक्षा को लेकर सामूहिक जिम्मेदारी विकसित हो सके। उन्होंने यातायात विभाग को हेलमेट नहीं पहनने एवं अन्य नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी ई-चालान कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।रात्रि के समय सड़कों पर विचरण करने वाले मवेशियों से होने वाली दुर्घटनाओं पर चिंता जताते हुए कलेक्टर ने एनएचआई, पशुपालन विभाग, यातायात विभाग तथा नगरीय निकायों को संयुक्त अभियान चलाकर मवेशियों को सड़कों से हटाने एवं पशु मालिकों के विरुद्ध कार्रवाई करने के निर्देश दिए।बैठक में दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) और नए चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए गए। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, लोक निर्माण विभाग तथा नगरीय एवं ग्रामीण निकायों को समन्वय के साथ कार्य करने कहा गया। साथ ही ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।जिला परिवहन अधिकारी प्रतीक शुक्ला ने बताया कि आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 प्रारंभ होने से पहले जून 2026 के प्रथम एवं द्वितीय सप्ताह में जिले में संचालित सभी स्कूल बसों की जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि जिले में करणी कृपा प्लांट तुमगांव, बावनकेरा चौक थाना पटेवा, न्यू गिल ढाबा साल्हेतराई थाना बसना एनएच-53 तथा कांग्रेस भवन चौक महासमुंद एनएच-353 को नए ब्लैक स्पॉट के रूप में चिन्हित किया गया है, जहां आवश्यक सुधारात्मक कार्य किए जाएंगे।कलेक्टर लंगेह ने सभी संबंधित विभागों को सड़क सुरक्षा से जुड़े निर्देशों का गंभीरता से पालन करने तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।