दो काबिल अफसरों की जोड़ी से बदल रही महासमुंद की तस्वीर…सुशासन, पारदर्शिता और क्राइम कंट्रोल पर कलेक्टर लंगेह व एसपी प्रभात का फोकस।

Share Now

विकास नंद/सर्वव्यापी

महासमुंद जिले में इन दिनों प्रशासनिक कार्यशैली और कानून व्यवस्था को लेकर सकारात्मक माहौल देखने को मिल रहा है। जिले की कमान संभाल रहे कलेक्टर विनय कुमार लंगेह और पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार अपनी कार्यशैली, सक्रियता और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता के चलते लगातार चर्चा में बने हुए हैं। दोनों अधिकारियों की कार्यप्रणाली को आमजन, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों द्वारा सराहा जा रहा है।प्रदेश की विष्णु देव साय सरकार की मंशानुरूप जिले में सुशासन स्थापित करने, शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल तक पहुंचाने तथा प्रशासनिक पारदर्शिता बनाए रखने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

कलेक्टर विनय कुमार लंगेह के नेतृत्व में विभिन्न विभागों की कार्यप्रणाली में तेजी और जवाबदेही देखने को मिल रही है। जनदर्शन, समय-सीमा बैठक, ग्रामीण शिविरों और विभागीय समीक्षा बैठकों के माध्यम से वे सीधे जनता की समस्याओं पर फोकस कर रहे हैं।कलेक्टर लंगेह की पहचान एक ऐसे प्रशासनिक अधिकारी के रूप में बन रही है जो फील्ड विजिट, सतत मॉनिटरिंग और जनसंवाद को प्राथमिकता देते हैं। शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए वे अधिकारियों को लगातार निर्देशित कर रहे हैं। सड़क सुरक्षा, खाद वितरण, जनसमस्या निवारण, स्वास्थ्य, शिक्षा और राजस्व मामलों में उनकी सक्रियता साफ दिखाई दे रही है। उनकी कार्यशैली में पारदर्शिता, अनुशासन और संवेदनशीलता का समावेश देखने को मिलता है।

वहीं दूसरी ओर पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार जिले में कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने और अपराधों पर नियंत्रण के लिए लगातार सख्त एवं प्रभावी कदम उठा रहे हैं। अवैध शराब, गांजा, नशीले पदार्थों की तस्करी, जुआ-सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों पर कार्रवाई के कारण पुलिस की सक्रियता आम लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। अपराधियों पर अंकुश लगाने के साथ-साथ आम नागरिकों में सुरक्षा का भाव मजबूत करने की दिशा में भी पुलिस प्रशासन कार्य कर रहा है।एसपी प्रभात कुमार की कार्यशैली में त्वरित कार्रवाई, टीमवर्क और जनसंपर्क प्रमुख रूप से दिखाई देता है। थाना स्तर पर निगरानी बढ़ाने, पुलिस पेट्रोलिंग को सक्रिय रखने और शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देशों का असर भी जिले में देखने को मिल रहा है। यही कारण है कि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बढ़ा है।

दोनों अधिकारियों की सबसे बड़ी विशेषता यह मानी जा रही है कि वे आम नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित करते हैं और समस्याओं को गंभीरता से सुनते हैं। जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय और प्रशासनिक टीम के साथ संतुलित कार्यशैली के कारण जिले में विकास और सुशासन का वातावरण मजबूत होता दिखाई दे रहा है।

महासमुंद जिले में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह और एसपी प्रभात कुमार की सक्रिय कार्यशैली को लेकर लोगों के बीच यह चर्चा तेज है कि यदि इसी तरह प्रशासन और पुलिस मिलकर कार्य करते रहे, तो आने वाले समय में महासमुंद सुशासन और बेहतर कानून व्यवस्था का एक मजबूत उदाहरण बन सकता है।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!