राजनांदगांव शहर के राजीव नगर वार्ड क्रमांक 39 स्थित बसंतपुर क्षेत्र में कथित रूप से दूषित पेयजल आपूर्ति के कारण लगभग 10 बच्चे डायरिया की चपेट में आने के बाद मामला गर्मा गया है। शहर कांग्रेस के पूर्व महामंत्री एवं पूर्व पार्षद हेमंत ओस्तवाल ने कलेक्टर से शिकायत कर नगर निगम के जल विभाग के प्रभारी अधिकारी प्रणय मेश्राम सहित संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।हेमंत ओस्तवाल ने अपने पत्र में आरोप लगाया है कि नगर निगम के जल विभाग की लापरवाही के चलते नागरिकों के स्वास्थ्य से लगातार खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने कहा कि पूर्व में भी शहर के कई वार्डों में दूषित पानी की शिकायतें सामने आई थीं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। अब राजीव नगर क्षेत्र में 10 से 12 वर्ष आयु वर्ग के करीब 10 बच्चे उल्टी-दस्त और डायरिया जैसी बीमारियों से प्रभावित हुए हैं।उन्होंने आरोप लगाया कि निगम प्रशासन और जल विभाग के अधिकारियों की उदासीनता के कारण स्थिति लगातार गंभीर होती जा रही है। ओस्तवाल ने कलेक्टर से मांग की है कि जल विभाग के प्रभारी अधिकारी प्रणय मेश्राम, संबंधित उप अभियंताओं एवं अन्य जिम्मेदार अधिकारियों को तत्काल पद से हटाकर जांच एवं कार्रवाई की जाए।उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र सरकार के मानकों के अनुसार नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाना चाहिए, लेकिन निगम क्षेत्र में इसकी अनदेखी की जा रही है। साथ ही उन्होंने नियमित जल गुणवत्ता जांच, फिल्टरिंग व्यवस्था को बेहतर बनाने, फिटकरी सहित गुणवत्तापूर्ण सामग्री के उपयोग तथा नालों-नालियों के बीच से गुजर रही पाइप लाइनों को व्यवस्थित करने की मांग की है।ओस्तवाल ने उम्मीद जताई कि जिला प्रशासन मामले को गंभीरता से लेते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाएगा और शहरवासियों को सुरक्षित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक निर्देश जारी करेगा।