जेडी शिक्षा कार्यालय के सामने 16 जून को होगा धरना-प्रदर्शन, संयुक्त संचालक पर मनमानी का आरोप।

Share Now

तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी

बिलासपुर शिक्षा विभाग के संयुक्त संचालक (जेडी) आर.पी. आदित्य की कार्यप्रणाली के विरोध में किसान मजदूर शिक्षक छात्र बेरोजगार महासंघ द्वारा 16 जून 2026 को धरना-प्रदर्शन आयोजित किए जाने की घोषणा की गई है। महासंघ के अध्यक्ष एवं सामाजिक चिंतक शिक्षक श्याम मूरत कौशिक ने इस संबंध में जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक बिलासपुर को लिखित सूचना प्रेषित की है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, श्याम मूरत कौशिक ने बताया कि एक वर्ष पुराने प्रकरण में कार्रवाई की मांग को लेकर उन्होंने 26 मई 2026 को संयुक्त संचालक शिक्षा कार्यालय को ज्ञापन सौंपा था। ज्ञापन में 31 मई 2026 तक आवश्यक कार्रवाई करने का अनुरोध किया गया था तथा कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में आंदोलन की चेतावनी भी दी गई थी।महासंघ का आरोप है कि निर्धारित समयावधि बीत जाने के बावजूद संबंधित प्रकरण में कोई कार्रवाई नहीं की गई। आरोप है कि इस संबंध में व्यक्तिगत रूप से मुलाकात कर निवेदन करने पर संयुक्त संचालक द्वारा असंतोषजनक जवाब दिया गया और शिकायत या धरना-प्रदर्शन करने की बात कही गई।इसी के विरोध में किसान मजदूर शिक्षक छात्र बेरोजगार महासंघ ने 16 जून 2026 को दोपहर 12 बजे से 2:30 बजे तक जेडी शिक्षा कार्यालय, तारबाहर बिलासपुर के सामने स्थित मैदान में शांतिपूर्ण धरना-प्रदर्शन एवं ज्ञापन कार्यक्रम आयोजित करने का निर्णय लिया है।आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में लगभग 50 से 100 लोगों के शामिल होने की संभावना है। प्रदर्शन के दौरान लाउडस्पीकर के माध्यम से वक्ताओं द्वारा अपनी बात रखी जाएगी। संगठन ने प्रशासन को आश्वस्त किया है कि कार्यक्रम पूर्णतः शांतिपूर्ण रहेगा।महासंघ ने जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग से कार्यक्रम के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने तथा आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की मांग की है। इस संबंध में सूचना की प्रतिलिपि एसडीएम बिलासपुर तथा थाना प्रभारी तारबाहर को भी भेजी गई है।अब 16 जून को होने वाले इस प्रदर्शन पर शिक्षा विभाग एवं जिला प्रशासन की प्रतिक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हुई हैं।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!