तरुण कौशिक, संपादक सर्वव्यापी
कोरबा जिले के कलेक्टर कुणाल दुदावत ने गुरुवार को ध्यानचंद चौक से रूमगरा होते हुए बालको के बजरंग चौक तथा रिसदा चौक से रिसदी चौक तक निर्माणाधीन सीसी सड़क का पैदल निरीक्षण कर कार्य की प्रगति, गुणवत्ता एवं वर्तमान स्थिति का विस्तृत जायजा लिया।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री दुदावत ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि ध्यानचंद चौक से रिसदी चौक तक लगभग 5.74 किलोमीटर लंबी निर्माणाधीन सीसी सड़क का निर्माण निर्धारित गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण किया जाए। उन्होंने कहा कि सड़क निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही अथवा गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा तथा कार्य की नियमित निगरानी सुनिश्चित की जाए।कलेक्टर ने निरीक्षण के दौरान ढेंगुरनाला-बेलगिरी पुल का भी अवलोकन किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को पुल के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्माण की दिशा में शीघ्र विस्तृत प्राक्कलन (एस्टीमेट) तैयार कर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। प्रशासन ने विश्वास व्यक्त किया कि निर्माण कार्य में तेजी लाकर निर्धारित समय के भीतर सड़क एवं अन्य आवश्यक कार्य पूर्ण किए जाएंगे, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।


