विकास नंद/ सर्वव्यापी
जिले में 13 से 18 जुलाई 2026 तक एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण सप्ताह आयोजित किया जाएगा। इस विशेष अभियान के तहत 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र बालिकाओं को निःशुल्क एचपीवी टीका लगाया जाएगा। अभियान की तैयारियों और प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आई. नागेश्वर राव की अध्यक्षता में ऑनलाइन समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में जिले के सभी विकासखंड चिकित्सा अधिकारी, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक, बीईई तथा स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान माइक्रोप्लान, पात्र हितग्राहियों की पहचान, वैक्सीन की उपलब्धता, कोल्ड चेन प्रबंधन, टीकाकरण सत्रों के संचालन, यू-विन पोर्टल पर ऑनलाइन प्रविष्टि, जन-जागरूकता अभियान और शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. वी.पी. सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक श्रीमती नीलू धृतलहरे, आरएमएनसीएच सलाहकार अनुपम मिश्रा तथा हेल्थ एजुकेटर हरिशंकर साहू सहित जिला एवं विकासखंड स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राव ने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान कोई भी पात्र बालिका टीकाकरण से वंचित न रहे। उन्होंने सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में प्रशिक्षित टीकाकरण दल, पर्याप्त वैक्सीन, आवश्यक संसाधनों तथा कोल्ड चेन की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही व्यापक प्रचार-प्रसार के माध्यम से अभिभावकों को टीकाकरण के प्रति जागरूक करने पर भी जोर दिया।जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. अरविंद गुप्ता ने बताया कि अभियान के दौरान चिन्हित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में मेडिकल ऑफिसर की निगरानी में सुरक्षित एवं राष्ट्रीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप टीकाकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि एचपीवी एक सामान्य वायरस है, जिसके कुछ प्रकार लंबे समय तक शरीर में रहने पर भविष्य में गर्भाशय ग्रीवा (सर्वाइकल) कैंसर जैसी गंभीर बीमारी का कारण बन सकते हैं। समय पर लगाया गया एचपीवी टीका इस संक्रमण से प्रभावी सुरक्षा प्रदान करता है और भविष्य में कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम करता है।डॉ. गुप्ता ने बताया कि अभियान के दौरान लगाए जाने वाले प्रत्येक टीके का विवरण यू-विन पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा। जिले में अब तक 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की 2,922 पात्र बालिकाओं का सफलतापूर्वक एचपीवी टीकाकरण किया जा चुका है। इनमें सरायपाली में 507, बागबाहरा में 615, बसना में 669, महासमुंद में 552 तथा पिथौरा में 579 बालिकाओं का टीकाकरण शामिल है।स्वास्थ्य विभाग ने सभी अभिभावकों से अपील की है कि वे अपनी 14 से 15 वर्ष आयु वर्ग की पात्र बालिकाओं को निर्धारित तिथि पर चिन्हित स्वास्थ्य संस्थानों में लेकर आएं और निःशुल्क एचपीवी टीकाकरण अवश्य कराएं। यह टीका सर्वाइकल कैंसर सहित एचपीवी संक्रमण से होने वाली गंभीर बीमारियों से बचाव का सुरक्षित और प्रभावी माध्यम है।


