विकास नंद/सर्वव्यापी
क्षेत्र में बारिश थमने के बाद किसानों ने खरीफ सीजन की खेती का कार्य तेज कर दिया है। गांव-गांव में खेतों में किसानों की चहल-पहल बढ़ गई है और दलहन, तिलहन के साथ-साथ धान की बोआई जोरों पर जारी है। कृषि कार्यों में जुटे किसान अच्छी बारिश और बेहतर उत्पादन की उम्मीद के साथ दिन-रात मेहनत कर रहे हैं।जिन किसानों के पास बोरवेल एवं सिंचाई की सुविधा उपलब्ध है, वे धान की रोपाई का कार्य भी तेजी से कर रहे हैं। वहीं वर्षा आधारित खेती करने वाले किसान पर्याप्त नमी का लाभ उठाकर बोआई पूरी करने में लगे हुए हैं।इन दिनों सुबह से शाम तक खेतों में किसानों और कृषि मजदूरों की व्यस्तता देखने को मिल रही है। खेतों की तैयारी, बीज की बुवाई और रोपाई का कार्य पूरे उत्साह के साथ चल रहा है। किसानों का कहना है कि समय पर हुई बारिश से खेती के लिए अनुकूल वातावरण बना है और यदि आगे भी मौसम साथ देता रहा तो इस वर्ष खरीफ फसल का उत्पादन बेहतर रहने की उम्मीद है।सरायपाली क्षेत्र में कृषि गतिविधियों के तेज होने से ग्रामीण अंचलों में एक बार फिर खेत-खलिहानों की रौनक लौट आई है और किसान बेहतर फसल की आस के साथ पूरी लगन से खेती में जुटे हुए हैं।


