बिलासपुर/ तरुण कौशिक/ संपादक सर्वव्यापी/
दीनबन्धु सहयोग संस्था, बिलासपुर द्वारा दिनांक 28 मार्च 2025 को शिवतराई, कोटा ब्लॉक, बिलासपुर में एकदिवसीय निःशुल्क सिर एवं गले के कैंसर जांच एवं जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस शिविर के प्रायोजक मर्क स्पेशलिटीज़ प्राइवेट लिमिटेड का विशेष सहयोग रहा। यह शिविर विशेष रूप से आदिवासी भाई-बहनों के हित में आयोजित किया गया था, जिससे सुदूर ग्रामीण क्षेत्र के नागरिकों को लाभ प्राप्त हो सके।शिविर में विशिष्ट अतिथि के रूप में प्रो. चंद्रहास ध्रुव (सिम्स हॉस्पिटल, बिलासपुर), विशाल सिन्हा (जोनल मैनेजर, मर्क स्पेशलिटीज़ प्राइवेट लिमिटेड) उपस्थित रहे। इसके अलावा ऑन्कोलॉजी विभाग, सिम्स मेडिकल कॉलेज, बिलासपुर की विशेषज्ञ टीम और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, ग्राम शिवतराई के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी श्री नीलकमल कमल एवं समस्त कर्मचारियों ने उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएँ प्रदान कीं।कार्यक्रम की सफलता में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई, गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के कार्यक्रम अधिकारियों एवं स्वयंसेवकों की सराहनीय भूमिका रही। उपस्थित चिकित्सकों ने बताया कि सिर एवं गले के कैंसर की प्रारंभिक पहचान से इसका इलाज संभव है। शिविर में अन्य प्रकार के कैंसर जैसे मुख, स्तन, सर्वाइकल कैंसर तथा इनके लक्षणों और बचाव की जानकारी भी दी गई। परामर्श सत्र में बताया गया कि गर्भाशय कैंसर का खतरा 40 वर्ष की उम्र के बाद अधिक होता है। छोटी उम्र में विवाह, मेनोपॉज के बाद रक्तस्राव, प्रसव के दौरान गर्भाशय में किसी प्रकार के घाव का होना, और घाव ठीक होने से पहले पुनः गर्भधारण करने से सर्वाइकल कैंसर का खतरा बढ़ सकता है।शिविर में कुल 200 लोगों ने निःशुल्क जांच करवाई एवं परामर्श प्राप्त किया। उपस्थित जनसमूह को कैंसर के लक्षण, कारण, बचाव एवं उपचार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। इस शिविर में डॉ. हेमू टंडन, डॉ. सतीश कुमार कश्यप, डॉ. शिव शंकर श्रीवास, डॉ. संतोष सर एवं उनकी टीम द्वारा जांच एवं परामर्श दिया गया।इसके अतिरिक्त, शिविर में निःशुल्क दवा का भी वितरण किया गया। साथ ही, राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के विद्यार्थियों द्वारा नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ग्रामवासियों को कैंसर बचाव से संबंधित उचित जानकारी उपलब्ध कराई गई, जिससे जागरूकता को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।लाभार्थियों ने इस पहल की सराहना करते हुए संस्था एवं चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त किया।दीनबन्धु सहयोग संस्था का सतत प्रयास-दीनबन्धु सहयोग संस्था विगत 7 वर्षों से स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान दे रही है। संस्था न केवल निःशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर रही है, बल्कि वर्तमान में जरूरतमंद छात्र-छात्राओं के लिए निःशुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण कोर्स भी संचालित कर रही है।संस्था का मुख्य उद्देश्य – “जन-जागरूकता के माध्यम से समाज का विकास” है। संस्था के संयोजक – दीनदयाल साहू, अध्यक्ष – अरुण कुमार साहू, सचिव – नितेश कुमार मोहले, आकाश सोनी, श्रुति केशवानी एवं पूरी टीम ने इस शिविर को सफल बनाने के लिए सभी सहयोगियों एवं क्षेत्रीय नागरिकों का धन्यवाद ज्ञापित किया।