विकास नंद/सर्वव्यापी/
जिले में अवैध रेत उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। कलेक्टर विनय लंगेह के निर्देशानुसार खनिज एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा ग्राम बरबसपुर, बड़गांव, बिरकोनी एवं घोड़ारी में छापेमारी कर अवैध रूप से भंडारित रेत को जब्त किया गया है।अवैध निकासी की संभावनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से ग्राम बिरकोनी में बिरकोनी-बरबसपुर मार्ग पर अस्थायी खनिज चौकी की स्थापना की गई है। इस चौकी में 3 पालियों में 6 नगर सैनिकों की ड्यूटी लगाई गई है, जिसमें प्रशांत कालू, मनीष ढीढी, मनोज निर्मलकर, संतोष चन्द्राकर, जीवन गायकवाड़ और चिंताराम दीवान शामिल हैं।खनिज अधिकारी ने बताया कि यदि उक्त क्षेत्रों से अवैध रूप से रेत निकासी करते हुए कोई वाहन अथवा व्यक्ति पकड़ा जाता है, तो उनके विरुद्ध खान एवं खनिज (विकास और विनियमन) अधिनियम 1957 की धारा 21 के तहत एफआईआर दर्ज कर सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। इसमें 2 से 5 वर्ष तक की सजा का प्रावधान है।जिला प्रशासन द्वारा निर्देशित इस विशेष अभियान के तहत खनिज विभाग की टीमें सतत निगरानी और जांच कार्यवाही में लगी हुई हैं। अधिकारियों ने अवैध रेत कारोबारियों को चेतावनी दी है कि भविष्य में यदि कोई भी अवैध गतिविधि में संलिप्त पाया गया, तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।