विकास नंद/सर्वव्यापी/
जिले में अवैध प्लाटिंग के खिलाफ जिला प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाते हुए बागबाहरा क्षेत्र में दो अलग-अलग स्थानों पर बड़ी कार्रवाई की है। यह कार्रवाई कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी विनय लंगेह के निर्देश पर एवं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बागबाहरा उमेश साहू के मार्गदर्शन में नगर पालिका तथा राजस्व विभाग की संयुक्त टीम द्वारा की गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार, बागबाहरा के लालपुर क्षेत्र स्थित सोनदादर मार्ग के समीप एवं वार्ड क्रमांक 09, पिथौरा रोड के पास बिना किसी वैध अनुमति के अवैध रूप से भूमि का विभाजन कर प्लाटिंग की जा रही थी। दोनों ही स्थानों पर यह कार्य स्पष्ट रूप से नियमों का उल्लंघन था, जिस पर प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की।कार्यवाही के दौरान तहसीलदार नितिन ठाकुर, राजस्व निरीक्षक बेहरा, पटवारी रूपेश सिन्हा, उप अभियंता शशि प्रताप सिंह तथा नगर पालिका के राजस्व अमले की उपस्थिति में स्थल निरीक्षण किया गया एवं संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध प्लाटिंग की अनुमति नहीं दी जाएगी और इस प्रकार की गतिविधियों में संलिप्त पाए जाने वालों पर आगे भी कठोर कार्यवाही जारी रहेगी।
साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि किसी भी भूमि का क्रय-विक्रय करने से पहले संबंधित विभाग से अनुमति एवं वैध दस्तावेजों की पूर्ण जानकारी अवश्य लें, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की कानूनी परेशानी से बचा जा सके।