विकास नंद/ सर्वव्यापी/
सतनामी समाज के प्रमुख गुरु एवं आरंग विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक गुरु खुशवंत साहेब के काफिले पर शनिवार देर शाम अज्ञात असामाजिक तत्वों ने अचानक हमला कर दिया। घटना उस समय हुई जब विधायक नवागढ़ में एक सामाजिक कार्यक्रम में शामिल होकर रायपुर लौट रहे थे।प्राप्त जानकारी के अनुसार, जैसे ही उनका काफिला बेमेतरा से रायपुर बायपास मार्ग पर भोईनाभांठा के पास पहुंचा, अचानक कुछ लोगों ने उनकी कार पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। इस हमले में उनकी गाड़ी का सामने का शीशा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है। हमले के बाद विधायक को तुरंत सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि हमलावर कौन थे और उनके पीछे क्या मंशा थी। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।इस घटना से सतनामी समाज और राजनीतिक हलकों में गहरा आक्रोश है।
कांग्रेस पार्टी के नेताओं ने इस हमले की कड़ी निंदा करते हुए दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। वहीं, प्रशासन ने मामले की उच्च स्तरीय जांच का भरोसा दिलाया है।
गुरु खुशवंत साहेब ने कहा, “यह न सिर्फ मेरे ऊपर हमला है, बल्कि समाज की शांति पर हमला है। दोषियों को बख्शा नहीं जाना चाहिए।”स्थिति अब नियंत्रण में है, लेकिन इस घटना ने कानून-व्यवस्था को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।