विकास नंद/सर्वव्यापी/
महासमुंद कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने सोमवार को पिथौरा स्थित धान संग्रहण केंद्र का औचक निरीक्षण कर भंडारण, सुरक्षा, परिवहन और उठाव की स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बरसात के मौसम को देखते हुए धान का त्वरित उठाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि बारिश के कारण धान की गुणवत्ता पर कोई असर न पड़े।निरीक्षण के दौरान डीएमओ राठौर ने जानकारी दी कि संग्रहण केंद्र में कुल 2 लाख 53 हजार क्विंटल धान का भंडारण किया गया है, जिसमें से 50 हजार क्विंटल का डिलीवरी ऑर्डर पहले ही जारी हो चुका है। कलेक्टर ने संबंधित परिवहन एजेंसी एवं खाद्य विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस धान का तत्काल उठाव शुरू किया जाए और किसी भी स्तर पर देरी न हो।
कलेक्टर लंगेह ने संग्रहण केंद्र तक जाने वाले मार्ग की स्थिति का भी निरीक्षण किया और निर्देश दिए कि बरसात में कीचड़ व जलभराव से उठाव कार्य प्रभावित न हो, इसके लिए मुरूम या गिट्टी डालकर शीघ्र मरम्मत कराई जाए। उन्होंने गोदामों की साफ-सफाई, तिरपाल की व्यवस्था, नमी नियंत्रण एवं सुरक्षा उपायों का भी अवलोकन किया।उन्होंने निर्देशित किया कि केंद्र में कार्यरत सभी कर्मचारियों की स्पष्ट ड्यूटी निर्धारित की जाए और उठाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखी जाए। साथ ही प्रत्येक दिवस की प्रगति रिपोर्ट अनिवार्य रूप से प्रस्तुत की जाए।
कलेक्टर ने स्पष्ट किया कि कार्य में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) पिथौरा ओंकारेश्वर सिंह, खाद्य अधिकारी अजय यादव, डीएमओ राठौर तथा नान के अधिकारीगण उपस्थित रहे।