विकास नंद/ सर्वव्यापी/
कलेक्टर एवं जिला खनिज न्यास के अध्यक्ष विनय कुमार लंगेह की अध्यक्षता में आज शाम कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला खनिज संस्थान न्यास की प्रबंधकारिणी समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में जिला पंचायत सीईओ एवं पदेन सचिव एस. आलोक, अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू, संबंधित विभागों के अधिकारी तथा समिति सदस्यगण उपस्थित रहे।बैठक में पूर्व में स्वीकृत योजनाओं एवं निर्माण कार्यों की अद्यतन स्थिति की समीक्षा की गई। वित्तीय वर्ष 2024-25 के अंतर्गत पूर्ण, प्रगतिरत और अप्रारंभ कार्यों की देनदारी पर भी विशेष चर्चा हुई।
कलेक्टर लंगेह ने निर्देश दिए कि लंबे समय से लंबित कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए, अन्यथा उन्हें निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि खनिज न्यास निधि से स्वीकृत कार्यों का उपयोगिता प्रमाण पत्र तथा पूर्णता प्रमाण पत्र समय पर प्रस्तुत किया जाए। साथ ही समस्त क्रियान्वयन एजेंसियों को हर माह की 5 तारीख तक मासिक प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए गए।बैठक में शिक्षा, स्वास्थ्य, महिला एवं बाल विकास, समाज कल्याण, पशुपालन, कृषि, विद्युत, उद्यानिकी, सिंचाई, जनपद एवं अधोसंरचना विकास से संबंधित कार्यों की विस्तारपूर्वक समीक्षा की गई।
कलेक्टर ने कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग, पारदर्शिता सुनिश्चित करने और योजनाओं के त्वरित क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि सभी कार्यों का उद्देश्य जनता को अधिकतम लाभ पहुँचाना होना चाहिए।
बैठक में जिला खनिज न्यास निधि के प्रभावी उपयोग और योजनाओं की गुणवत्ता पर भी चर्चा हुई, जिससे विकास कार्यों में गति लाई जा सके और निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति सुनिश्चित हो सके।