महासमुंद की बेटी नवोदित तीरंदाज नवलीन ने बढ़ाया छत्तीसगढ़ का मान… सीएम साय ने दी बधाई।

Share Now

विकास नंद/ सर्वव्यापी/

महासमुंद की बेटी और छत्तीसगढ़ की उभरती हुई खेल प्रतिभा नवलीन कौर को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राष्ट्रीय खेलों में चयन होने पर बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश के हर खिलाड़ी को अवसर, संसाधन और मंच देने के लिए प्रतिबद्ध है। नवलीन जैसी प्रतिभाएं न सिर्फ छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ा रही हैं, बल्कि युवाओं के लिए प्रेरणा भी बन रही हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा, “नवलीन का संघर्ष और सफलता यह दिखाते हैं कि अगर इरादे मजबूत हों, तो कोई भी बाधा रास्ता नहीं रोक सकती। क्रिकेट की लोकप्रियता के बीच तीरंदाजी जैसे खेल को अपनाकर उसने जो उपलब्धि हासिल की है, वह वास्तव में सराहनीय है।

“महासमुंद जिले के बागबाहरा निवासी नवलीन कौर ने जन्म से ही स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का सामना किया, लेकिन उन्होंने इन्हें अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। गर्भावस्था के सातवें माह में जन्मी नवलीन का शुरुआती जीवन संघर्षपूर्ण रहा।

परिजनों की चिंता और समाज की जिज्ञासा के बीच उन्होंने आत्मबल और मेहनत से अपनी अलग पहचान बनाई।वर्ष 2018 में नवलीन ने बिहाझर बालाश्रम में तीरंदाजी का प्रशिक्षण लेना शुरू किया और महासमुंद की पहली महिला तीरंदाज बनीं। उन्होंने राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में दो बार पदक जीते और एक बार राष्ट्रीय स्कूली तीरंदाजी में चौथा स्थान हासिल किया। वर्ष 2023 में गुजरात में आयोजित एफजीएफआई राष्ट्रीय प्रतियोगिता में उन्होंने छत्तीसगढ़ का प्रतिनिधित्व किया और सीनियर वर्ग में द्वितीय स्थान प्राप्त किया।

फरवरी 2025 में नवलीन ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर राष्ट्रीय खेलों में अपना स्थान सुनिश्चित किया। अब उनका लक्ष्य अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व कर पदक जीतना है। इसके लिए उनके परिजनों ने उन्हें कंपाउंड धनुष उपलब्ध कराया है, जिसकी बदौलत उन्होंने सिटी ओपन तीरंदाजी प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त कर शानदार शुरुआत की है।वर्तमान में नवलीन कोच एवन साहू और खेल अधिकारी मनोज धृतलहरे से प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सरकार नवलीन जैसी प्रतिभाओं को हर संभव सहयोग प्रदान करेगी ताकि वे खेल के हर स्तर पर छत्तीसगढ़ का नाम रोशन करें।


Share Now

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You cannot copy content of this page

error: Content is protected !!