विकास नंद/सर्वव्यापी/
जन समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु आयोजित जन चौपाल एक बार फिर आम लोगों के लिए राहत और उम्मीद का केंद्र बना।
जिला कार्यालय के कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित इस जन चौपाल में कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने आम नागरिकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और कुल 45 आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही सुनिश्चित की।इस जन चौपाल की सबसे उल्लेखनीय पहल ग्राम खल्लारी निवासी भारत ध्रुव के आवेदन पर हुई, जिन्हें तत्काल मोटराइज्ड ट्रायसाइकिल प्रदान की गई।
कलेक्टर लंगेह ने समाज कल्याण विभाग को मौके पर ही निर्देशित कर ट्रायसाइकिल उपलब्ध कराई। सहायता प्राप्त कर ध्रुव ने कहा कि यह उनके जीवन में आत्मनिर्भरता, गति और सम्मान लौटाने वाली पहल है।वहीं, ग्राम तिलईदादर की देवमति ध्रुव के श्रम कार्ड संबंधी आवेदन पर भी त्वरित समाधान हुआ।
तकनीकी कारणों से लंबित प्रकरण को निरस्त कर नया पंजीयन कराया गया और श्रम अधिकारी को तत्काल श्रम कार्ड जारी करने के निर्देश दिए गए।
अनुपालन में उन्हें उसी समय नया श्रम कार्ड प्रदान किया गया।जन चौपाल में अन्य महत्वपूर्ण आवेदनों में ग्राम नर्रा कोमाख़ान के लीलाराम पटेल का जमीन अतिक्रमण पर रोक लगाने हेतु आवेदन, ग्राम आमकोनी की सुशीला बाई चक्रधारी द्वारा पीएम आवास योजना अंतर्गत रोजगार गारंटी की मजदूरी दिलाने का निवेदन, ग्राम पंचायत जगदीशपुर (पिथौरा) की श्मशान भूमि को मुक्त कराने, ग्राम तिलईदादर की पुष्पा निर्मलकर द्वारा वात्सल्य योजना से लाभ दिलाने एवं ग्राम ठाकुरदियाखुर्द के लालचंद पटेल द्वारा ट्रांसफार्मर लगाए जाने जैसे आवेदन शामिल रहे।
कलेक्टर लंगेह ने सभी संबंधित अधिकारियों को जनचौपाल में प्राप्त आवेदनों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर अपर कलेक्टर रवि कुमार साहू सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।