विकास नंद/ सर्वव्यापी
सरायपाली विधानसभा क्षेत्र एक बार फिर राजनीतिक हलचल का केंद्र बनने जा रहा है। कल 27 जुलाई को छत्तीसगढ़ सरकार के उप मुख्यमंत्री अरुण साव और वित्त मंत्री ओपी चौधरी सरायपाली के दौरे पर रहेंगे। दोनों मंत्रीगण भूमिपूजन, लोकार्पण तथा सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे
इस आशय की आधिकारिक सूचना प्रशासन द्वारा जारी की गई है।
अंचलवासियों में इस दौरे को लेकर खासा उत्साह है, साथ ही उम्मीदें भी जुड़ी हैं कि वर्षों से लंबित विकास कार्यों को गति मिलेगी।
खासकर अंतराज्यीय बस स्टैंड की मांग, सार्वजनिक लायब्रेरी की स्थापना, पेयजल समस्या का स्थायी समाधान तथा अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर स्थानीय नागरिक आशान्वित हैं कि मंत्रीगण इन मुद्दों पर कोई बड़ी घोषणा करेंगे।
हालांकि, यह दौरा महज़ औपचारिकता बनकर रह जाएगा या वास्तव में सरायपाली के विकास की दिशा में कोई ठोस पहल होगी — इसका उत्तर तो कार्यक्रम के समापन के बाद ही मिलेगा।
फिलहाल, क्षेत्रवासियों की नजरें इस उच्चस्तरीय दौरे पर टिकी हुई हैं, और वे उम्मीद कर रहे हैं कि यह महज़ रस्म अदायगी नहीं, बल्कि विकास की नई इबारत लिखने का अवसर बने।